पराली जलाने वाले किसानों के काटे चालान, किया जुर्माना
पंजाब सरकार किसानों को लगातार पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रही है। इसके बावजूद किसान खेतों में पराली जला रहे है जिस पर प्रशासन ने कई किसानों के चलान काटे।
संवाद सूत्र, पट्टी : पंजाब सरकार किसानों को लगातार पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रही है। वहीं कई किसान खेतों में पराली जलाकर सरकार की मुहिम की धज्जियां उड़ा रहे हैं। हालांकि, प्रशासन भी पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पट्टी के एसडीएम डॉ. अमित महाजन की अगुवाई में गठित टीम गांवों में जाकर किसानों को पराली न जलाने लिए जागरूक करने को कैंप लगा रही है, इसके बावजूद किसानों द्वारा खेतों में पराली जलाने के कई मामले सामने आ रहे हैं। इसी के चलते टीम के को-आर्डिनेटर दविंदर सिंह, एडीओ भूपिंदर सिंह, एडीओ हरमीत सिंह वल्टोहा, डॉ. गुरदीप सिंह भिखीविंड, एइओ राजिंदर कुमार ने भिखीविंड, वल्टोहा, गांव शहीद व हरिके रोड प्रिंगड़ी के पास छापामारी की गई। यहां जिन किसानों ने खेतों में पराली को आग लगाई थी, उनके चालान काटे और जुर्माना किया गया। को-आर्डिनेटर दविंदर सिंह ने मौके पर ही संबंधित उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।