गुटका साहिब की शपथ लेकर कैप्टन ने पंजाब को किया गुमराह : मजीठिया
खडूर साहिब विधानसभा चुनाव के समय ऐतिहासिक धरती पर गुटका साहिब की शपथ लेकर कैप्टन अमरिदर सिंह ने नशे के खात्मे को लेकर पंजाब को गुमराह किया।
जागरण संवाददाता, खडूर साहिब : विधानसभा चुनाव के समय ऐतिहासिक धरती पर गुटका साहिब की शपथ लेकर कैप्टन अमरिदर सिंह ने नशे के खात्मे को लेकर पंजाब को गुमराह किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं किया। अगर आप के पास वोट लेने के लिए कोई कांग्रेस नेता आता है तो उनसे यह पूछना कि कैप्टन की घर-घर नौकरी कहां है। यह कहना है पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया का।
अकाली दल (टकसाली) नेता व पूर्व चेयरमैन गुरसेवक सिंह शेख शिअद में शामिल करने के मौके पर उन्होंने कहा कि किसानों को कर्ज माफी, दलित बेटियों को 51 हजार का शगुन, युवाओं को घर घर नौकरी, मोबाइल फोन आदि वादे हवा हवाई साबित हुए हैं। शिअद प्रत्याशी बीबी जागीर कौर की प्रशंसा करते कहा कि शिअद को समर्पित रहने वाली इस शख्सियत को खडूर साहिब की सेवादार बनाकर संसद में भेजा जाए। अकाली दल (टकसाली) अध्यक्ष रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा का नाम लेते मजीठिया ने कहा कि पांच वर्ष के समय में माझे के इस जरनैल ने संसद में अपनी जुबान तक नहीं खोली। संसदीय क्षेत्र में आते नौ विस हलकों का संसद में नाम तक नहीं लिया गया। पूर्व चेयरमैन गुरसेवक सिंह शेख को बधाई देते कहा कि अकाली दल (टकसाली) अब केवल ब्रह्मपुरा व उनके लड़के तक ही सीमित रह गई है। इस मौके पूर्व सीपीएस हरमीत सिंह संधू, प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा, एसजीपीसी के महा सचिव गुरबचन सिंह करमूवाला, पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष अलविंदरपाल सिंह पखोके, एसडीपीसी अध्यक्ष मंजीत सिंह ढिल्लों, शिअद महिला विंग अध्यक्ष रुपिंदर कौर ब्रह्मपुरा, शिअद शहरी अध्यक्ष मनोज कुमार टिंमा, युवा अकाली दल महा सचिव सूरज शर्मा, बलजीत सिंह गिल, रमनदीप सिंह भरोवाल, कुलदीप सिंह औलख आदि ने संबोधन किया। आखिर में गुरसेवक सिंह शेख ने बिक्रम सिंह मजीठिया, बीबी जगीर कौर को सम्मानित किया।
मनप्रीत तो नकली बादल है
वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर तंज कसते पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा है कि मनप्रीत नकली बादल है असली बादल तो सुखबीर सिंह ही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना हलका छोड़ मनप्रीत सिंह बादल को विधान सभा का चुनाव लड़ाया व जीतने के बाद वित्तमंत्री बनाया। परंतु मनप्रीत ने अपने ताया प्रकाश सिंह बादल के साथ दगा ही किया। मनप्रीत सिंह बादल ने नया टैक्स न लगाने का ढिंडोरा पीटने के साथ 30 फीसद बिजली महंगी कर दी।