छुट्टी पर आए बीएसएफ जवान की हत्या
तरनतारन तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुए बीएसएफ के हेड कांस्टेबल लखबीर सिंह की हत्या कर दी गई।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुए बीएसएफ के हेड कांस्टेबल लखबीर सिंह की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव शहीद स्थित नहर से बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामला विधानसभा हलका पट्टी के गांव दुबली का है। लखबीर सिंह पुत्र मुखतार सिंह बीएसएफ की 170वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल तैनात था। उसकी ड्यूटी पठानकोट स्थित बीएसएफ हेड क्र्वाटर में थी। 19 मार्च को लखबीर सिंह एक माह की छुट्टी पर घर आया था। उसी दिन से वह संग्दिध हालात में लापता हो गया। परिवार द्वारा उसकी तलाश की गई। कोई सुराग न मिलने के बावजूद परिवार ने पुलिस को खबर नहीं की। शुक्रवार को गांव शहीद स्थित नहर में लखबीर सिंह का शव लोगों ने देखा। शरीर पर मारपीट के काफी निशान पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी पट्टी आजाद दविंदर सिंह, थाना सदर पट्टी के प्रभारी इंस्पेक्टर शिव दर्शन सिंह और ड्यूटी अधिकारी निर्मल सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक के लड़के जगरूप सिंह के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 302, 201 आइपीसी (हत्या व सुराग छूपाने की धारा) तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घरेलू कलेह तो नहीं हत्या का कारण?
52 वर्षीय लखबीर सिंह की हत्या के संबंध में पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बताया जाता है कि लखबीर सिंह अपने घर में लड़ाई-झगड़ा करता था। इस मामले को घरेलू कलेह के साथ जोड़कर भी देखा जा रहा है। लखबीर सिंह की पत्नी परमजीत कौर, लड़के जगरूप सिंह व जगजीत सिंह के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल कहते हैं कि लखबीर सिंह के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।