भाजपा को बदनाम करने का आम आदमी पार्टी कर रही प्रयास : बाजवा
कादियां के पूर्व विधायक फतेहजंग बाजवा ने कहा कि लोगों का ध्यान बांटने के लिए आपरेशन लोटस का बहाना बनाकर भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतिहास रचेंगे।
जासं, तरनतारन। पूर्व विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा ने अमनदीप सिंह संधू को जट्ट महासभा माझा जोन का इंचार्ज नियुक्त करते कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की हालत पतली हो रही है। लोगों का ध्यान बांटने के लिए आपरेशन लोटस का बहाना बनाकर भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, परंतु आने वाले समय में भाजपा देश की इतनी बड़ी ताकत बनकर उभरेगी कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनकर नया इतिहास रचेंगे।
फतेहजंग सिंह बाजवा ने कहा कि आप की सरकार के दौरान रेत के दाम आसमान को छूह रहे हैं। निर्माण कार्य बंद होने से मिस्री, मजदूरों की आर्थिक हालत पतली हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी को अपनी होने वाली हार का पता चल चुका है। इसके चलते आपरेशन लोटस के नाम पर लोगों का ध्यान बांटा जा रहा है।
इस मौके पर किसान मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरबजीत कौर बाठ, नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन चंद्र अग्रवाल, कुलदीप शफीपुर, अमरजीत शर्मा झब्बाल, नरेश चावला, सुभाष बाठ, पदम किशोर पट्टी, सुरिंदर सिंह शिंदा, सुरजीत सिंह, बलविंदर झब्बाल, भूपिंदर मंड, बलजिंदर भिखीविंड ने फतेहजंग सिंह बाजवा को सम्मानित किया।