घर के लिए मार्बल पत्थर देख लौट रहे थे चार युवक, डिवाइडर से टकराकर पेड़ की शाखाओं में फंसी कार, लहरागागा के दो नौजवानों की मौत
घर के लिए हरियाणा इलाके में मार्बल पत्थर देखकर वापस लौट रहे चार नौजवान टोहाना के करीब रविवार शाम को सड़क हादसे का शिकार हो गए।
संवाद सूत्र, लहरागागा (संगरूर)
घर के लिए हरियाणा इलाके में मार्बल पत्थर देखकर वापस लौट रहे चार नौजवान टोहाना के करीब रविवार शाम को सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में दो लड़कों की मौत हो गई। दो की टोहाना के अस्पताल में हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव लहल खुर्द के 36 वर्षीय केवल सिंह, 20 वर्षीय दीप सिंह, अमनदीप सिंह अमनी व 16 वर्षीय कर्मनजीत सिंह अपनी स्विफ्ट कार में हरियाणा के शहर टोहाणा में फर्श लगवाने हेतु पत्थर देखने गए थे। रविवार शाम घर लौटते समय उनकी कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराकर उछल गई। इससे गाड़ी चला रहे केवल सिंह का संतुलन बिगड़ गया। कार पेड़ की बड़ी शाखाओं में जा फंसी। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। कार में सवार केवल सिंह व दीप सिंह की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हुए अमनदीप सिंह अमनी व कर्मनजीत सिंह को हरियाणा के हिसार व बरवाला के अस्पतालों में दाखिल करवाया गया। अमनदीप सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल द्वारा मृतक केवल सिंह व दीप सिंह के शव पोस्टमार्टम पश्चात वारिसों के हवाले कर दिए हैं। गांव के शमशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया है।