विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिक्षा मंत्री के रवैये से नाराज शिक्षक, आईईएटी संगठन 12 जून को श्री आनंदपुर साहिब में करेगा विशाल रोष रैली

Published: Sun, 07 Jun 2026 12:59 PM (IST)

आईईएटी अध्यापक संगठन पंजाब ने शिक्षा मंत्री द्वारा बार-बार बैठकें स्थगित करने और मांगों की अनदेखी के विरोध में 12 ...और पढ़ें

शिक्षा मंत्री के रवैये से नाराज शिक्षक (फोटो: जागरण)

शिक्षा मंत्री के रवैये से नाराज शिक्षक (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. आईईएटी अध्यापक 12 जून को आनंदपुर साहिब में रैली करेंगे।

  2. शिक्षा मंत्री द्वारा बैठकें टालने और मांगें अनदेखी का विरोध।

  3. अध्यापक ग्रुप सी में वापसी और उचित अधिकार चाहते हैं।

संवाद सूत्र, दिड़बा/संगरूर। आईईएटी अध्यापक संगठन पंजाब की राज्य स्तरीय ऑनलाइन बैठक में पंजाब सरकार व शिक्षा विभाग के रवैये के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिक्षा मंत्री द्वारा बार-बार बैठकें स्थगित किए जाने व मांगों की अनदेखी के विरोध में 12 जून को श्री आनंदपुर साहिब में विशाल रोष रैली आयोजित की जाएगी।

बैठक में राज्य प्रधान परमजीत कौर पक्खोवाल ने बताया कि शिक्षा मंत्री कई बार यूनियन को बैठक का समय देकर अंतिम समय पर उसे टाल देते हैं। 3 जून को निर्धारित बैठक के लिए पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे अध्यापकों को मौके पर पहुंचकर बताया गया कि बैठक स्थगित कर 9 जून को रखी गई है।

इससे अध्यापकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षित युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आईईएटी अध्यापकों को शिक्षक से चपरासी जैसा दर्जा दे दिया गया है।

उनका आरोप है कि उन्हें ग्रुप सी से हटाकर ग्रुप डी में शामिल कर दिया गया, जिसके खिलाफ वह जुलाई 2023 से संघर्ष कर रहे हैं। अध्यापकों की मांग है कि उन्हें दोबारा ग्रुप सी में शामिल किया जाए व उनकी शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यताओं के अनुसार अधिकार दिए जाएं।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 12 जून की रैली के दौरान किसी अध्यापक को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी पंजाब सरकार, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की होगी।