जमीन के विवाद में किसान को मारा धक्का, मौत
गांव नयागांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में बहस हो गई।
संवाद सूत्र, खनौरी (संगरूर) : गांव नयागांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में बहस हो गई। धक्कामुक्की में एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पुत्र के बयान पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना खनौरी में दी शिकायत में मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करते हैं। उसके पिता जीत सिंह ने कुछ समय पहले एक एकड़ जमीन गुरसेवक सिंह को बेच दी थी। गुरसेवक सिंह उनके द्वारा बेची गई जमीन के साथ मौजूद उनकी मालकियत जमीन को भी नाजायज तौर पर जोतने की कोशिश कर रहा था। इस बात को लेकर उसके पिता व गुरसेवक सिंह में बहस हो गई। यह विवाद काफी समय तक चलता रहा। गत दिवस गुरसेवक सिंह व उसके पिता के बीच झगड़ा हो गया। गुरसेवक सिंह ने उसके पिता जीत सिंह को धक्का मार दिया, जिस कारण पिता जीत सिंह जमीन पर गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने खांग जिला पटियाला निवासी कश्मीर सिंह पुत्र कंधारा सिंह, गुरसेवक सिंह पुत्र कश्मीर सिंह, राणा सिंह पुत्र कंधारा सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रमुख इंस्पेक्टर हाकम सिंह सने बताया कि दोनों के बीच जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े में जीत सिंह की मौत हो गई। जीत सिंह के पुत्र मनप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर उक्त व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।