नायब तहसीलदार पर दुर्व्यवहार का आरोप, लगाया धरना
लहरागागा (संगरूर) भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के ब्लॉक लहरागागा में विरोध किया।
संवाद सूत्र, लहरागागा (संगरूर) :
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के ब्लॉक लहरागागा ने नायब तहसीलदार के खिलाफ गलत व्यवहार करने का आरोप लगा धरना लगाया। ब्लॉक प्रधान धरमिदर सिंह ने नायब तहसीलदार के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि रजिस्ट्री समय पर नहीं की जाती। जिला उपप्रधान बहाल सिंह ढींडसा ने कहा कि गत दिन एसडीएम कार्यालय के समक्ष खेतीबाड़ी आर्डिनेंस के खिलाफ धरना लगाया गया था, जहां पर नायब तहसीलदार ने किसानों से दुर्व्यवहार किया व उस पर पर्चा दर्ज करने की धमकी दी। धरने के बाद एसडीएम लहरा ने किसान नेताओं से बैठक की। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार की गलती सामने आई है। भरोसा दिलाते हुए कहा कि आगे से सरकारी कार्यालयों में ऐसी गलती नहीं होगी। लोगों को पूरा सम्मान दिया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम के रीडर ने धरने वाले स्थान पर आकर लोगों को पूरा सम्मान देने की बात कही, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर बहादर सिंह भूटाल, करनैल गनोटा, सूबा सिंह संगतपुरा, राम नंगला, सुखदेव कड़ैल, जंटा संगतपुरा आदि उपस्थित थे।