अभी सीएम चेहरे का एलान हुआ, सीएम बनाना आपने है: मान
आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए जाने के बाद आप के प्रदेश प्रधान सांसद भगंवत मान बुधवार को पहली बार अपने गांव सतौज पहुंचे।
जागरण संवाददाता, संगरूर
आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए जाने के बाद आप के प्रदेश प्रधान सांसद भगंवत मान बुधवार को पहली बार अपने गांव सतौज पहुंचे। ग्रामीणों ने भगवंत मान सहित उनका मां हरपाल कौर का भव्य स्वागत किया। भगवंत मान अपनी पहली फेरी के दौरान भावुक हो गए।
मान ने कहा कि वह कल से गांव आने के लिए बेहद उत्सुक थे, क्योंकि वह पहले उस जगह पर आना चाहते थे, जिसकी मिट्टी से वह पैदा हुए हैं। गांव सतौज की हनुमान सत्थ में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने गांव में भगवंत मान बनकर नहीं, बल्कि भगवंत बनकर आते हैं, क्योंकि उन्हें भगवंत मान आप लोगों ने बनाया है। लोग ही मेरी नींव हैं। पार्टी ने उन्हें अभी मुख्यमंत्री का दावेदार ही बनाया, बल्कि मुख्यमंत्री बनाने की जिम्मेदारी अब लोगों की है। लोगों ने ही उसे मुख्यमंत्री बनाना है, यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे लोगों ने निभाना है। मान ने अपने गांव की गलियों में गुजारे दिन याद करते हुए कहा कि गांव ही हर मां, चाची-ताई, छोटे-बड़े भाई, बुजुर्ग ताया-चाचा के सहयोग की जरूरत है जो अब तगड़े (मजबूत) हो जाएं, क्योंकि मुख्यमंत्री बनाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है। आप लोग जब मुझे मुख्यमंत्री बनाओगे तो ही खुशहाल पंजाब व हर घर खुशहाल बन पाएगा। उन्होंने कहा कि अब लोगों को पंजाब की किस्मत लिखनी है। लोग ही सरपंच, पंच, विधायक , मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री बनाते हैं, जो उसके साथ हैं व हर पंजाबी पर उन्हें विश्वास है कि वह उनके साथ हैं। हाथ जोड़कर लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति एक नया इतिहास लिखने के लिए अपनी जिम्मेदारी को निभाए। मान ने कहा कि वह कभी अपने गांव में रैली नहीं करते, क्योंकि अगर अपने गांव में भी रैली करने की जरूरत पड़ी तो यह काफी अफसोसजनक है। मुख्यमंत्री पद की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। मैं आज अपने गांव से वादा करता हुं कि मेरा हरा रंग का पैन आम गरीब लोगों, किसानों, व्यापारियों व जरूरतमंदों के हक में चलेगा। किसी चेहते व भ्रष्टाचारी के हक में नहीं चलेगा। लोगों का प्यार व बुजुर्गों का आशीर्वाद ही है, जिसकी बदौलत वह आज यहां तक पहुंचे हैं, पिछले सात वर्ष से सेवा कर रहे हैं और अब आगे की जिम्मेदारी को भी लोगों के सहयोग से निभाएंगे।
भगवंत मान की बहन मनप्रीत कौर ने मंच पर ग्रामीणों को संदेश दिया कि इस बार गांव में किसी अन्य पार्टी का पोलिग बूथ नहीं लगना चाहिए, जिस पर भगवंत मान ने मंच पर बहन के हाथ से माइक लेकर ग्रामीण से कहा कि नहीं, बेशक पोलिग बूथ लग जाएं, लेकिन विरोधियों के पोलिग बूथ पर सन्नाटा पसरा नजर आना चाहिए। इस मौके पर विधायक अमन अरोड़ा, विधायक हरपालचीमा, माता हरपाल कौर आदि उपस्थित थे।