निजी कंपनियों की नौकरी पर नाम कमा रही सरकार : सुखबीर
शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार निजी कंपनियों द्वारा दी जा रही नौकरी का श्रेय लेने में जुटी हुई है।
जेएनएन, लहरागागा (संगरूर)। पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिअद के पधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार ने पंजाब में सरकारी नौकरियों पर बैन लगा रखा है। नौकरी प्राइवेट कंपनियां दे रही हैं और नाम सरकार कमा रही है। कांग्रेस ने हमेशा पंजाबियों के पैसों से मजे लूटे हैं। कैप्टन का एक साल में 1,60,000 युवाओं को नौकरी देने का दावा झूठा साबित हुआ है।
मजीठिया बोले- सिद्धू व मनप्रीत पंजाब में बंटी-बबली की जोड़ी
बादल सोमवार को लहरागागा हलके में पोल खोल रैली को संबोधित कर रहे थे। सुखबीर ने कहा कि पंजाब में गुंडा टैक्स कांग्रेस की देन है। अवैध खनन में भी कांग्रेस के मंत्री व विधायक शामिल हैं। कैप्टन सरकार एक साल से खजाना खाली होने का रोना रो रही है जबकि शिअद-भाजपा सरकार ने 10 साल में कभी ऐसा नहीं कहा।
यह भी पढ़ें: दादा ने कहा था-कोई भी काम करो, हार नहीं होनी चाहिए; प्रीति ने नाप लिया आसमान
उन्होंने कहा कि लोगों की बंद की सुविधाओं को दोबारा शुरू करवाने के लिए शिअद 20 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। शिअद ने हमेशा आम लोगों के हितों की चिंता की है और वह आगे भी ऐसा करता रहेगा। राज्य सरकार के जन विरोधी फैसलों के खिलाफ शिअद संघर्ष करेगा।
सुखबीर ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर की सरकार हर मोर्चे पर फेल रही है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जीत के लिए लोगों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद वह इनसे मुकर रही है। सरकार अब तरह-तरह के बहाने बनाकर लोगों को गुमराह कर रही है।
यह भी पढ़ें: जज्बे काे सलाम: हरियाणा सरकार की नौकरी ठुकरा शहीद मेजर की पत्नी चली पति की राह
रैली में पूर्व कैबिनेट मंत्री विक्रमजीत सिंह मजीठिया ने पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू और वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नवजोत सिद्धू और मनप्रीत बादल पंजाब के बंटी और बबली हैं। दाेनों लोगों को लूटने में लगे हैं। मजीठिया ने कहा कि मनप्रीत अपने ताया प्रकाश सिंह बादल का नहीं हो पाया वह जनता का क्या होगा।