तीन बच्चों के बाप ने नाबालिगा से की दुष्कर्म की कोशिश, मामला दर्ज
अमरगढ़ के नजदीकी गांव में रहने वाले तीन बच्चों के पिता ने 16 साल की लड़की के घर में दुष्कर्म की कोशिश की।
जेएनएन, अमरगढ़ (संगरूर): अमरगढ़ के नजदीकी गांव में रहने वाले तीन बच्चों के पिता ने 16 वर्ष की लड़की के घर में जबरन घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। पड़ोसियों द्वारा मौके पर पहुंचने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गया।
अमरगढ के नजदीकी गांव में रहने वाले व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज करवा बताया कि उसकी 16 वर्ष की बेटी सुबह घर में अकेली थी तो चमकौर सिंह उर्फ भोला सिंह उम्र 45 वर्ष उसके घर में जबरन घूम कर उसकी लड़की से दुष्कर्म कोशिश करने लगा। उसकी बेटी द्वारा चिल्लाने पर उसके आस पड़ोस वाले घर में आ गए व चमकौर सिंह घर की दीवार फांदकर भागने में सफल हो गया।
जब उसने घटना के बारे में गांव की पंचायत को बताया तो चमकौर सिंह अपनी गलती मानने की बजाय, उसे गालियां निकालने लगा व उसकी लड़की को जबरन उठा ले जाने की धमकियां देने लगा। इसके बाद उसने थाना अमरगढ में शिकायत दर्ज करवा दी। एएसआइ मनजीत कौर ने कहा कि पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।