किसानों ने लगाया डीसी दफ्तर के समक्ष धरना
संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर किसान आंदोलन के 11 महीने पूरे होने पर भाकियू एकता उगराहां द्वारा संगरूर के डीसी कार्यालय के समक्ष जिला उपप्रधान बहाल सिंह ढींडसा की अगुवाई में धरना दिया गया।
जागरण संवाददाता, संगरूर
संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर किसान आंदोलन के 11 महीने पूरे होने पर भाकियू एकता उगराहां द्वारा संगरूर के डीसी कार्यालय के समक्ष जिला उपप्रधान बहाल सिंह ढींडसा की अगुवाई में धरना दिया गया। इसमें विशेष तौर पर राज्य नेता जनक सिंह भुटाल ने शिरकत की। बड़ी संख्या में किसानों, महिलाओं, नौजवान शामिल हुए। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस द्वारा पहले से इंतजाम किए गए। किसान नेता रणजीत सिंह, गोबिदर सिंह, गुरदीप सिंह, कर्मजीत सिंह, हरदेव सिंह, मिट्ठू सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार अपने चहेतों को बचाने की कोशिशें कर रही है। गत दिनों यूपी के लखीमपुर में भाजपा नेता और उसके बेटे ने गाड़ी चढ़ाकर कई किसानों को मौत के घाट उतार दिया था परन्तु प्रशासन द्वारा सरकार के इशारे पर उन्हें बचाने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्हें पद से बर्खास्त नहीं किया गया। किसानों ने एलान किया कि जब तक आरोपित केंद्रीय मंत्री को पद से बर्खास्त नहीं किया जाता तब तक धरने प्रदर्शन जारी रहेंगे। इस मौके बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।