पराली जलाने के केस रद करवाने के लिए सड़कों पर उतरे किसान
भवानीगढ़ भारतीय किसान यूनियन राजेवाल द्वारा पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ पर्चे रद करने की मांग।
जेएनएन, भवानीगढ़ (संगरूर) :
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल ने पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ पर्चे रद करवाने की मांग को लेकर जिला प्रधान गुरमीत सिंह के नेतृत्व में एसडीएम कार्याल्य समक्ष धरना दिया गया। इसके बाद एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के जिला प्रधान गुरमीत सिंह, जगदेव सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ केस दर्ज कर किसान विरोधी चेहरा पेश किया गया है। सरकार ने किसानों के नाम पर सब्सिडी के मामले में करोड़ों रुपये बर्बाद कर दिए हैं। एक भी किसान को सब्सिडी का पूरा फायदा नहीं मिल पाया है। मंडियों में व्यापारियों द्वारा किसानों को खूब लूटा गया है। किसी भी सरकार व उच्च अधिकारी द्वारा किसान की हालत को सुधारने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं, बल्कि उलटा अपने निजी फायदे के लिए किसानों को लगातार शोषण ही हुआ है। यूनियन द्वारा फैसला किया गया कि किसानों को किए गए जुर्माने का एक भी पैसा अदा करने नहीं दिया जाएगा। अगर किसानों पर किए झूठे केस खारिज व जब्त की गई कंबाइनों को वापस न किया गया तो यूनियन तेज संघर्ष करने को मजबूर होगी।
इस मौके पर ब्लॉक प्रधान दरबारा सिंह, कश्मीर सिंह, अजैब सिंह, मलकीत सिंह आदि उपस्थित थे।