AAP के हलका प्रधान ने केजरीवाल को किया Tweet, लिखा- भगवंत मान के बारे में लिखी ऐसी बात
AAP के टिकट पर चुनाव लड़ चुके पार्टी के हलका संगरूर प्रधान दिनेश बांसल ने अरविंद केजरीवाल को ट्वीट कर भगवंत मान के बारे में ऐसी मांग कर डाली।
जेएनएन, संगरूर। 2017 में आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर चुनाव लड़े पार्टी के हलका संगरूर के प्रधान दिनेश बांसल ने अपने ट्विटर अकाउंट से आप प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ट्वीट कर सांसद भगवंत मान को पंजाब की प्रधानगी पद से हटाने की मांग की है। इसमें बांसल ने तर्क दिया कि पंंजाब में पार्टी का होने वाला नुकसान भगवंत मान को हटाए जाने से बच सकता है।
दिनेश बांसल ने कहा है कि पिछले डेढ़ वर्ष से भगवंत मान का पार्टी के किसी भी वर्कर से संपर्क नहीं है। पार्टी की किसी भी गतिविधि में वर्करों को शामिल नहीं किया जाता है। साथ ही संगरूर हलके में होने वाले प्रोग्राम के बारे में उन्हें नहीं बताया जाता है। यहां तक कि सांसद भगवंत मान पार्टी के नए वर्करों व नेताओं का फोन तक नहीं उठाते हैं।
बांसल ने गंभीर आरोप लगाया है कि भगवंत मान की गलत कारगुजारी के कारण पंजाब में पार्टी खत्म होने के कगार पर है। यदि सुनवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में विचार करेंगे कि पार्टी को मजबूत करने वाले वर्करों को क्या करना है।
उधर, आम आदमी पार्टी के जिला संगरूर के प्रधान राजवंत सिंह घुल्ली ने विधानसभा हलका संगरूर के प्रधान के इस ट्वीट के बाद तुरंत सख्त कदम उठाते हुए दिनेश बांसल को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। राजवंत सिंह घुल्ली ने बताया कि इसके अतिरिक्त दिनेश बांसल को पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिनों में जवाब मांगा गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें