मजदूरों में झगड़ा, एक की सिर पर कस्सी मार हत्या
गांव बंदे माहलां में शनिवार को नेपाली मूल के चार मजदूरों के झगड़े में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया
जागरण संवाददाता, रूपनगर : गांव बंदे माहलां में शनिवार को नेपाली मूल के चार मजदूरों के झगड़े में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल रूपनगर में दाखिल करवाया गया है। मृतक की पहचान नेपाल के गांव बनहारी के रहने वाले जागृत पुत्र महादीप राम के रूप में हुई है, जोकि यहां गांव बंदे माहलां(थाना सदर रूपनगर) में रहता था। घायल की पहचान मेदू राम पुत्र बिशनी राम के रूप में हुई है।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन मेदू राम ने बताया कि वह और उसके तीन साथी जागृत, विनोद और सपूर गांव बंदे माहलां में गुरमीत सिंह की मोटर पर बने कमरे में रहते हैं। वह पिछले 15 साल से यहां पर मजदूरी का काम कर रहे हैं लेकिन विनोद उनके पास कुछ समय पहले ही रहने के लिए आया था। उन्होंने उसे लॉकडाउन होने के चलते अपने साथ रखा था। शनिवार सुबह वह चारों गांव बंदे माहलां के किसान चरनजीत सिंह के खेतों में खाद डालने के लिए ट्राली में खाद भर रहे थे। इतने में जागृत के साथ विनोद किसी बात को लेकर बहस करने लगा और विनोद ने जागृत पर कस्सी के साथ हमला कर दिया। जब उसने छुड़वाने की कोशिश की तो विनोद ने उस पर भी कस्सी के साथ हमला कर दिया। जागृत के सिर पर कस्सी लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके सिर, पीठ तथा हाथ पर चोटें लगी है।
थाना सदर रूपनगर के एसएचओ तिलक राज ने बताया कि पुलिस ने घायल मेदू राम के बयानों के आधार पर विनोद के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।