आप की बैठक में हंगामा, पार्टी आब्जर्वर व विधायक का विरोध
आम आदमी पार्टी की बुधवार को रूपनगर में बैठक के दौरान पार्टी वर्करों ने बैठक का विरोध करते हुए पार्टी के आब्जर्वर सतबीर सिंह वालिया एवं जैतों से विधायक मास्टर बलदेव सिंह के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
जागरण संवाददाता, रूपनगर: आम आदमी पार्टी की बुधवार को रूपनगर में बैठक के दौरान पार्टी वर्करों ने बैठक का विरोध करते हुए पार्टी के आब्जर्वर सतबीर सिंह वालिया एवं जैतों से विधायक मास्टर बलदेव सिंह के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। पार्टी के पदाधिकारी परमिदर सिहं शामपुरी को ओहदे से हटाए जाने को लेकर ये सारा विवाद खड़ा हुआ। बलदेव सिंह मीडिया के सवालों का जवाब देने से भागते रहे। बैठक में फिजिकल डिस्टेंसिग भूलकर वर्करों ने अपना रोष जताया। मौके पर डीएसपी त्रिलोचन सिंह पुलिस पार्टी के साथ पहुंचे और फिजिकल डिस्टेंसिग लागू करवाने का प्रयास किया।
आप पार्टी के शहरी प्रधान सरबजीत सिंह हुंदल की रिहायश कम पार्टी के दफ्तर में पार्टी के ओहदेदारों की बैठक की गई, जिसमें पार्टी नेताओं को नैतिकता का पाठ पढ़ाने के लिए जैतों से विधायक मास्टर बलदेव सिंह और जिले के आब्जर्वर सतवीर सिंह वालिया पहुंचे, लेकिन जिले के पार्टी नेताओं व वर्करों ने दोनों नेताओं के बैठक लेने का विरोध कर दिया और कहा कि ये लोग पार्टी के खिलाफ काम करते रहे हैं और अब दोबारा पार्टी में आकर क्या नैतिकता का पाठ वर्करों को पढ़ाएंगे। देखते ही देखते विरोध इतना बढ़ गया कि पार्टी के पदाधिकारी बैठक छोड़कर बाहर आ गए और दोनों नेताओं के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी करने वाले नेताओं ने आब्जर्वर सतवीर वालिया पर कांग्रेस के साथ मिले होने और गद्दार होने का आरोप लगाया। साथ ही मास्टर बलदेव सिंह पर आरोप लगाया कि पार्टी छोड़कर सुखपाल सिंह खैहरा के खेमे में चले गए थे। प्रदर्शनकारियों ने पार्टी में खनन माफिया की शमूलियत के आरोप भी लगाए और कहा कि आने वाले दिनों में सूबुतों के साथ सब कुछ सामने लाया जाएगा। टिकट हासिल करने के लिए पार्टी वर्करों को नजरंदाज किया जा रहा है।
बाक्स
मीडिया से भागते रहे दोनों नेता
प्रदर्शन के बाद काफी समय तक विधायक मास्टर बलदेव सिंह और आब्जर्वर सतवीर सिंह वालिया बाहर नहीं निकले। जब ये दोनों नेता बाहर से आए तो पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से गुरेज करते रहे। वालिया और मास्टर बलदेव ने पार्टी पदाधिकारियों द्वारा लगाए आरोपों का जवाब नहीं दे पाए और गाड़ी में सवार होकर चले गए ।
बाक्स
विवाद अंदरुनी मामला, जल्द हल करवाएंगे: चड्ढा
आप पार्टी के सचिव एडवोकेट दिनेश चड्ढा ने कहा कि विरोध करने वाले और बैठक में शामिल बाकी सभी वालंटियर और पदाधिकारी पार्टी के ही हैं और पार्टी का अंदरुनी मामला है जो जल्द सुलझा लिया जाएगा।
बाक्स
विरोध करने वालों के खिलाफ पार्टी को देंगे रिपोर्ट: हुंदल
आप पार्टी के शहरी प्रधान सरबजीत सिंह हुंदल ने कहा कि विरोध करने वाले पार्टी ओहदेदारों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई करवाई जाएगी। पार्टी अनुशासन तोड़ना गलत है।
बाक्स
तिवारी के हक में प्रचार करते रहे वालिया: पतियालां
रूपनगर आम आदमी पार्टी में विवाद कोई नया नहीं है। इससे पहले जब पार्टी के स्थानीय विधायक अमरजीत सिंह संदोआ ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था तब पार्टी वर्करों ने जमकर संदोआ का सार्वजनिक तौर पर विरोध करते हुए पुतला भी फूंका था । पार्टी वर्कर रणजीत सिंह पतियालां ने कहा कि वालिया लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के विजयी सांसद मनीष तिवारी के हक में प्रचार करते रहे हैं।