पंजाब में खेल कोटे से डीएसपी बनेंगे सात हॉकी खिलाड़ी व दो एथलीट
पंजाब सरकार ने खेल कोटे से नौ खिलाड़ियों को डीएसपी पद पर भर्ती की मेरिट सूची जारी कर दी है। इनमें सात हॉकी खिलाड़ी व दो एथलीट शामिल हैं।
जेएनएन, रूपनगर। खेल विभाग ने पंजाब पुलिस में खेल कोटे के तहत भर्ती किए जाने वाले दस खिलाड़िय़ों में से नौ की मेरिट सूची जारी कर दी है। इन खिलाड़ियों को डीएसपी बनाया जाएगा। इन खिलाड़ियों में सात हॉकी व दो एथलेटिक्स से हैं।
सूची में रूपनगर जिले के गांव खैराबाद के भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी धर्मवीर सिंह का नाम भी शामिल है। ग्रेजुएट धर्मवीर 2010 की एशियन गेम्स में कांस्य व 2014 की एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली हॉकी टीम का हिस्सा थे।
मेरिट में पहला नाम गांव चीमा खुर्द (तरनतारन) की एथलीट मनदीप कौर पुत्री हरपिंदर सिंह का है। मनदीप एशियन गेम्स 2006, 2010, 2014 तथा कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में स्वर्ण पदक जीत चुकी है।
अन्य हॉकी खिलाडिय़ों में गुरदासपुर के गांव मीके निवासी रमनदीप सिंह, मिट्ठापुर (जालंधर) निवासी मनप्रीत सिंह, तरनतारन के गांव बौरोवाल बावयां निवासी आकाशदीप सिंह, सूर्या एंक्लेव (जालंधर) निवासी गुरविंदर सिंह चंदी तथा गांव मरड़ (गुरदासपुर) निवासी स्वर्णजीत सिंह शामिल हैं।
एथलीट कोटे से मनप्रीत व गांव रसूलपुर (अमृतसर) की खुशबीर कौर पुत्री बलकार सिंह तथा एससी कोटे से अमनदीप कौर पुत्री शिंदर सिंह निवासी तखाणवध (मोगा) का नाम शामिल हैं।