सभी धर्म आपस में प्रेमभाव से रहने का देते हैं संदेश : डॉ. परमार
गांव सरथली के प्राचीन शिव मंदिर में मुख्य संचालक राष्ट्रीय संत महंत मोहन गिरि के नेतृत्व में शिवरात्रि के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक समागम करवाया गया।
संवाद सहयोगी, नूरपुरबेदी : गांव सरथली के प्राचीन शिव मंदिर में मुख्य संचालक राष्ट्रीय संत महंत मोहन गिरि के नेतृत्व में शिवरात्रि के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक समागम करवाया गया। इस दौरान नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन डॉ. आरएस परमार ने कहा कि प्रत्येक धर्म आपस में प्रेमभाव के साथ रहने का संदेश देता है। जिस कारण धार्मिक पर्व हमारे प्रेम के रिश्तों की डोर को और भी मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संत महंत मोहन गिरि द्वारा विभिन्न समय पर रक्तदान, मेडिकल और आंखों के कैंप लगाने के अलावा गरीब लड़कियों के विवाह करवाना महान कार्य है, जोकि हमें जनसेवा के साथ जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने धार्मिक व सामाजिक कार्यों के लिए मंदिर को 11 हजार रुपये की राशि भी प्रदान की। इस समागम के दौरान दून वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक पंडित राम तीर्थ जेतेवाल ने कहा कि संगत महंत मोहन गिरि से प्रेरणा लेकर नेक और समाज भलाई के कार्यों में लगाकर अपना जीवन सफल बनाएं। इस मौके महंत मोहन गिरि महाराज ने संगत को उपदेश देते हुए कहा कि मनुष्य प्रेम, आपसी भाईचारा व सत्य के मार्ग को अपनाते हुए नेक कार्यों में सहयोग देने को आपना धर्म समझना चाहिए। इससे पहले रात के समय धार्मिक समागम के दौरान प्रसिद्ध लोक गायक दुर्गा रंगीला ने भगवान शिव के भजन पेश कर संगत को शिवमयी वातावरण में रंग दिया। जबकि गायक अजय माही और विनोद ऊना वालों ने भी विभिन्न धार्मिक गीतों व भजनों से संगत को निहाल किया। इस मौके सजाया गया सुंदर भवन जहां संगत के आकर्षण का केंद्र बना रहा, वहीं मनी महादेव द्वारा सजाई गई विभिन्न झांकियों ने संगत को झूमने पर विवश कर दिया। इस अवसर पर सरपंच विजय कुमार, तिलक राज पचरंडा, बॉबी धवन, चन्ना सैनी, इंजीनियर श्याम लाल, वरिदर वर्मा, सेवादास, अल्का रानी आदि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की संगत उपस्थित थी।