विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के रूपनगर में हैंडलूम के गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

Published: Fri, 23 Oct 2026 12:20 PM (IST)

रूपनगर के मेन बाजार स्थित सिंगला हैंडलूम वर्ल्ड स्टोर के गोदाम में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे एक करोड़ रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया।

पंजाब में हैंडलूम के गोदाम में लगी आग (जागरण फोटो)

पंजाब में हैंडलूम के गोदाम में लगी आग (जागरण फोटो)

HighLights

  1. रूपनगर के सिंगला हैंडलूम गोदाम में लगी भीषण आग।

  2. एक करोड़ रुपये से अधिक का सामान जलकर राख।

  3. त्योहारी सीजन के लिए मंगाया गया था नया स्टॉक।

जागरण संवाददाता, रूपनगर। रूपनगर शहर के मेन बाजार में श्री खाटू श्याम मंदिर के निकट स्थित सिंगला हैंडलूम वर्ल्ड स्टोर के गोदाम में शुक्रवार तड़के करीब दो बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा तिरपाल, मैट, पर्दे समेत अन्य हैंडलूम का सारा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार गोदाम में दिवाली और त्योहारी सीजन को देखते हुए बड़ी मात्रा में नया स्टॉक मंगवाकर रखा गया था। तड़के गोदाम से धुआं निकलता देखकर किसी व्यक्ति ने दुकान मालिक प्रवीण को फोन कर इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर गोदाम के अंदर आग की लपटें उठ रही थीं। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

दुकान मालिक प्रवीण ने बताया कि आग के कारण गोदाम में रखा लगभग पूरा सामान जल गया। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के चलते हाल ही में बड़ी मात्रा में नया सामान मंगवाया गया था। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया बिजली का शार्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। सुबह करीब नौ बजे तक भी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी थे। गोदाम में कपड़ा और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

त्योहारी सीजन के लिए मंगाया था करोड़ों का माल

व्यापार मंडल के प्रधान परविंदर पाल सिंह बिंटा ने कहा कि आग से दुकानदार का करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि त्योहारों का सीजन होने के कारण दुकानदार ने बड़ी मात्रा में सामान मंगवाया था, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित दुकानदार के नुकसान का जायजा लेकर उचित आर्थिक सहायता और भरपाई करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।