आरएसएस के संस्थापक को किया नमन
भारतीय नव वर्ष बिक्रमी संवत 2078 के शुभारंभ पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, नंगल: भारतीय नव वर्ष बिक्रमी संवत 2078 के शुभारंभ पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नंगल के संघ चालक शाम सुंदर चक्रवर्ती की अध्यक्षता व नगर कार्यवाह सुरेश प्रभाकर की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ आरएसएस के संस्थापक डा. केशव राव बली राम हेडगेवार को नमन कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित हुए संघ के प्रांतीय सह कार्यवाह सुशील कुमार ने भारतीय नव वर्ष बिक्रमी संवत के बारे विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम सभी को बिक्रमी संवत धूमधाम से मनाना चाहिए। शक्तिशाली समाज के समक्ष हर कोई नतमस्तक होता है, इस लिए सभी को संगठित करने के लिए ही संघ कार्य कर रहा है। शिवाजी शाखा अड्डा मार्केट में सुशील कुमार ने कहा कि हिंदु नव वर्ष पूरी तरह से कालगणना पर आधारित है, क्योंकि इस दिन सर्वप्रथम सारे ग्रह नक्षत्र चलायमान हुए थे। कलयुग के प्रथम दिन यह सातों ग्रह एक ही राशि में पुन: एकत्र हुए थे। यह गणना पूरी तरह खगोल विज्ञान पर भी आधारित है। उन्होंने पूरे समाज को इसके प्रति जागरूक करने के लिए सभी को प्रेरित भी किया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का राज्याभिषेक इसी दिन हुआ था। इसके अलावा सिख पंथ के दूसरे गुरु श्री अंगद देव जी का जन्म दिवस, सम्राट विक्रमादित्य ने इसी दिन शकों को पूर्ण रूप से पराजित करके बिक्रमी संवत का आरंभ किया था। मां दुर्गा जी की उपासना यानि नवरात्र भी इसी दिन से शुरू होते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डा. केशव राव बलिराम हेडगेवार का जन्मदिन पर इसी दिन को हुआ था। उन्होंने भारतीय नव वर्ष को घर-परिवार, गांव-गांव तक समूचे समाज को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही भारतीयता एवं हिंदुत्व की पहचान और स्वाभिमान है।