बाबा बाल जी कोटला कलां आश्रम में दिव्य समागम शुरू
कोटला कलां ऊना आश्रम में राष्ट्र संत बाबा बाल जी की अध्यक्षता में दिव्य समागम भक्तिमय वातावरण में शुरू हुआ।
जागरण संवाददाता, नंगल
लोक कल्याण तथा प्राणी मात्र को धर्म मार्ग से जोड़ने के मकसद से श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां ऊना आश्रम में राष्ट्र संत बाबा बाल जी की अध्यक्षता में दिव्य समागम शनिवार को भक्तिमय वातावरण में शुरू हो गया। हजारों की संख्या में उपस्थित भक्तजनों के लगाए गगनभेदी जयघोषों से गुंजायमान हुए वातावरण में कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा बाल जी ने श्री कृष्ण व राधा जी की पूजा अर्चना करके किया। इस मौके पूज्य श्री ने कहा कि धर्म मार्ग से जुड़े रहकर ही हर प्राणी सच्ची शांति व मोक्ष प्राप्त कर सकता है। इस मकसद से ही प्राणी मात्र को संस्कारवान बनाने के लिए धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि आज का मानव धन कमाने की होड़ में लगातार अपनी मर्यादाओं व वेद ग्रंथों के सिद्धांतों को नजरंदाज करता जा रहा है, जिसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं। नश्वर संसार के परेशानी भरे हालातों से केवल प्रभु का नाम ही हमें शांति दिला सकता है। प्राणी मात्र को हमेशा भगवान का नाम जपना चाहिए। वहीं दिव्य समागम में चंडीगढ़ से आई सीमा जी ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण सर्वशक्तिमान हैं, इसलिए सभी को सत्कर्म करते हुए दूसरों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। नेक काम करने वालों पर ही प्रभु अपनी कृपा करते हैं। सदैव दूसरों की भलाई में अपना भला जाने तभी जीवन सफल हो सकता है। समागम में भजनोपदेशक वेद प्रकाश ने भगवान का गुणगान करते हुए समूचे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर बनाया व कहा कि जीवन को धर्म संस्कारों के अनुरूप व्यतीत करने से ही हम प्रभु कृपा के पात्र बन सकते हैं। 13 फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दूर दराज से आने वाले हजारों भक्तों को यही समझाया जाएगा कि सभी अपने जीवन में आदर्शो तथा सिद्धांतों पर चलते हुए मानवता की सेवा करते रहें। आश्रम में आने वाले भक्तजनों के लिए दिन-रात लंगर की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर बाबा जी के शिष्य इंद्र मोहन कपिला, शाम लाल, राज रानी, कैलाश गौतम, सुरेश, कार्तिका बीना, स्वर्णा आदि सहित बड़ी संख्या में भक्तजनों ने प्रभु का गुणगान किया। शोभायात्रा होगी आकर्षण का केंद्र समागम के दौरान चार फरवरी को विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी। पूज्य संत बाबा बाल जी महाराज की अध्यक्षता में निकलने वाली शोभा यात्रा में भगवान श्री कृष्ण जी की पालकी, प्रभु दर्शन की विभिन्न झाकिया व भजन कीर्तन की मंडलिया प्रभु का गुणगान करेंगी। इसके अलावा बैंड बाजों के साथ भजन करती टोलिया, रंग-विरंगे परिधानों में सजे स्कूली बच्चों, प्रभु सिमरन करती संगतें भी विशाल शोभा का हिस्सा बनेंगी। आज आएंगे गीता मनीषी ज्ञानानंद जी
वार्षिक महासम्मेलन 13 फरवरी तक श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कला में चलेगा। इस महोत्सव में विराट संकीर्तन व श्री कथा दोपहर 12 बजे से सायं चार बजे तक चलेगी। आज दो फरवरी को महामंडलेश्वर गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज भक्तों का मार्गदर्शन करने पहुंच रहे हैं। छह फरवरी से 12 फरवरी तक गौरव कृष्ण शास्त्री जी महाराज कथा का रसपान करवाएंगे।