हवन में आहुतियां डालकर की लोक कल्याण की कामना
महाशिवरात्रि को समर्पित विष्णु यज्ञ कार्यक्रम सोमवार को ऊषा मंदिर में भक्तिमय वातावरण में शुरू हो गया।
जागरण संवाददाता, नंगल
माघ माह तथा महाशिवरात्रि को समर्पित विष्णु यज्ञ कार्यक्रम सोमवार को ऊषा मंदिर में भक्तिमय वातावरण में शुरू हो गया। राज नगर के मंदिर में जारी महायज्ञ में मंत्रोच्चारण के बीच आहुति डालकर लोक कल्याण की कामना की गई। श्रीश्री 1008 महंत साध्वानंद जी महाराज की अध्यक्षता में भक्तजनों ने हवन में शामिल होकर आहुतियां डालीं। महाशिवरात्रि तक चलने वाले हवन में उद्गार व्यक्त करते हुए स्वामी साध्वानंद महाराज ने कहा कि यज्ञ का प्राणी के जीवन में बहुत महत्व है। यज्ञ से मनुष्यों की ही नहीं, पशु पक्षियों, कीटाणुओं एवं वृक्ष वनस्पतियों के आरोग्य की भी रक्षा होती है। यज्ञ से विभिन्न रोगों का उपचार भी संभव है। इसलिए ही समय-समय पर हिदु संस्कृति के अनुसार महायज्ञों के आयोजन किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में ऊषा मंदिर के अध्यक्ष जीत राम शर्मा, राम पाल जैरथ, विजय चोपड़ा, सुमन कुमारी व नीलम रानी आदि सहित बड़ी संख्या में भक्तजनों ने हवन में आहुतियां डालकर प्रभु का गुणगान किया।