नंगल VHP नेता विकास प्रभाकर हत्याकांड में एक्शन, UAE से डिपोर्ट हुआ आरोपी हरविंदर; दिल्ली एयरपोर्ट पर NIA ने पकड़ा
एनआईए ने नंगल में विहिप नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले में यूएई से हरविंदर कुमार उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है।

नंगल में विहिप नेता हत्याकांड का आरोपित हरविंदर यूएई से डिपोर्ट, एनआईए ने किया गिरफ्तार।
HighLights
एनआईए ने विहिप नेता विकास प्रभाकर हत्याकांड में गिरफ्तारी की
यूएई से हरविंदर कुमार उर्फ सोनू को भारत डिपोर्ट किया गया
आरोपी पर हत्यारों को वित्तीय और लॉजिस्टिक सहायता का आरोप
जागरण संवाददाता, नंगल (रूपनगर)। नंगल में 13 अप्रैल 2024 को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने यूएई में रह रहे एक प्रमुख आरोपित को गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान हरविंदर कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। उस पर हत्या को अंजाम देने वालों को लॉजिस्टिक और वित्तीय सहयोग देने का आरोप है। एनआईए के अनुसार, विभिन्न एजेंसियों के प्रयासों और राजनयिक स्तर पर की गई कार्रवाई के बाद हरविंदर कुमार को वीरवार को यूएई से भारत डिपोर्ट किया गया।
वीरवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली स्थित विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया। इससे पहले 13 अगस्त को यूएई में रहने वाले आरोपित मनवीर राम को गिरफ्तार किया गया था।
उसे अमृतसर एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था। आरोप है कि मनवीर राम ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की आपूर्ति में भूमिका निभाई थी। जांच के दौरान सामने आया कि विकास प्रभाकर की हत्या की साजिश प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के जर्मनी में रहते आतंकी हरजीत सिंह और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू ने रची थी।
इस संबंध में एनआईए ने 9 मई 2024 को मामला दर्ज किया था। जांच एजेंसी अब तक इस मामले में तीन आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। प्रभाकर की हत्या राज्य में सांप्रदायिक हिंसा बढ़ाने के लिए तब की गई थी, जब वे दुकान पर बैठे हुए थे और दो बाइक सवार युवक उन पर फायरिंग कर फरार हो गए थे।
जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि हरविंदर ने हरजीत सिंह और कुलबीर सिंह के निर्देश पर आतंकी गतिविधियों से जुड़े धन को प्राप्त करने और उसे आगे ट्रांसफर करने का काम किया। एनआईए ने कहा कि विदेश में छिपे आरोपितों को भारत वापस लाने के लिए विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत हरविंदर कुमार को भारत प्रत्यर्पित किया गया।
