माता-पिता की सेवा करने वाले पर बनी रहती है प्रभु कृपा: संजय शास्त्री
जागरण संवाददाता, नंगल लोक कल्याण के उद्देश्य से न्यू प्रीत नगर में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के धार्
जागरण संवाददाता, नंगल
लोक कल्याण के उद्देश्य से न्यू प्रीत नगर में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के धार्मिक कार्यक्त्रम आज वीरवार को दूसरे दिन भी भक्तिमय वातावरण में जारी रहा। 29 जनवरी तक चलने वाले धार्मिक कार्यक्रम में हिमाचल के अलसू से पधारे संजय शास्त्री ने उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा ही मनुष्य के लिए सबसे बड़ा धर्म है। ऐसी सेवा करने वालों पर ही सदैव प्रभु की अपार कृपा बनी रहती है। पूज्य श्री ने कहा कि माता-पिता की सेवा व धर्म मार्ग पर चलने वाले मनुष्य ही भगवान की कृपा के पात्र बनते हैं। प्रभु की कृपा ही प्राणी को विभिन्न दुखों से निजात दिला कर शांति व समृद्धि के मार्ग पर ले जा सकती है। इस लिए सदैव जीवन के हर बहुमूल्य पल को प्रभु चरणों में लगा कर अच्छे काम करते रहना चाहिए। हमेशा समर्पण की भावना से सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाते रहना चाहिए। जीवन के हर बहुमूल्य पल को समाज की बेहतरी व समरसता बनाए रखने के लिए उपयोग करते हुए व्यतीत करना चाहिए। सदैव दूसरों के भले में ही अपना भला समझें।
पूज्य श्री ने कहा कि जीवन में धर्म मार्ग पर चलने वाले ही सफल बनते हैं जबकि अधर्म व अत्याचार ज्यादा लंबे समय तक नहीं चलता। एक न एक दिन प्रभु अधर्म का अंत कर देते हैं। मनुष्य को कभी भी सत्कर्म करने में उदासीनता नहीं अपनानी चाहिए। प्रेम धर्म में कपट नहीं होना चाहिए। नि:स्वार्थ रूप से धर्म मार्ग पर चल कर दीन दुखियों की सेवा करने वाले लोग ही प्रभु कृपा की प्राप्ति करते हैं। इस अवसर पर आयोजन समिति के प्रतिनिधियों सुरेंद्र पम्मा, सुभाष आनंद, पूर्ण शर्मा, विनोद गुप्ता, राकेश बाली, राकेश मेहता, दर्शन राणा के अलावा भारी संख्या में भक्तजनों का कथा श्रवण करते हुए भगवान श्री कृष्ण का गुणगान किया। सुभाष शर्मा, जागरण संवाददाता, नंगल।
24 जनवरी, 2019