ऊना हिमाचल के ध्यानार्थ..राह चलते लोगों को कार चालक ने रौंदा, 9 घायल
समीपवर्ती हिमाचल के जिला ऊना के अंतर्गत पड़ते संतोषगढ़ कस्बे में एक तेज तफ्तार कार ने पैदल चल रहे 9 लोगों को बुरी तरह से रौंद दिया।
जागरण संवाददाता, नंगल : समीपवर्ती हिमाचल के जिला ऊना के अंतर्गत पड़ते संतोषगढ़ कस्बे में एक तेज तफ्तार कार ने पैदल चल रहे 9 लोगों को बुरी तरह से रौंद दिया। घायलों में 7 नाबालिग हैं। दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों को उपचार के लिए यहां बीबीएमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार संतोषगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में रविवार रात को बार्ड 4 के कई श्रद्वालु नगर कीर्तन के लिए गुरुद्वारा सिंह सभा में गए हुए थे। पूरे नगर की परिक्रमा करने के उपरात वापस अपने घरों को जा रहे थे। जैसे ही श्रद्वालु संतोषगढ़ नगर के बार्ड नंबर तीन के पास भगवान परशुराम चौक के साथ मुख्य सड़क पर पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रही कार ने इन सभी को कुचल दिया जिससे सभी श्रद्वालु घायल होकर सड़क पर गिर गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। यह सारी घटना वहा पास ही एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाद में किसी व्यक्ति ने हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी वायरल कर दिया। घायलों को सड़क पर गिरा देखकर किसी व्यक्ति ने इस बारे में उनके परिजनों को सूचित किया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल की बजाए नंगल के बीबीएमबी में भेज दिया। जहा इन सभी का उपचार जारी है। पुलिस ने पंजाब नंबर की अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
उधर, जिला ऊना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार धीमान ने बताया कि एक अज्ञात कार चालक ने राहगीरों पर गाड़ी चढ़ा दी जिससे 9 लोग घायल हो गए है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दुर्घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अपने कब्जे मे ली गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसे जल्द ही पकड़ा जाएगा।
हादसे में घायल लोग
हरमिंदर सिंह पुत्र संतोख सिंह, सोमनाथ बिट्टू पुत्र सोहन लाल, दिलावर सिंह उर्फ लाली पुत्र कमलजीत सिंह, बंटी पुत्र हरजीत सिंह, सुखविंदर सिंह पुत्र संतोख सिंह, सोमनाथ बिट्टू, रवि कुमार पुत्र सोमनाथ बिट्टू, तरुण प्रीत सिंह पुत्र देसराज, शानू पुत्र सुरेंद्र सिंह, शैंटी पुत्र सुरेंद्र सिंह (सभी निवासी संतोषगढ़, जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश) घायल हुए हैं।