सफाई सेवकों ने प्रदर्शन कर जताया विरोध
जागरण संवाददाता, नंगल नंगल नगर कौंसिल के कर्मचारियों की सफाई मजदूर यूनियन ने सोमवार को नगर कौंसिल
जागरण संवाददाता, नंगल
नंगल नगर कौंसिल के कर्मचारियों की सफाई मजदूर यूनियन ने सोमवार को नगर कौंसिल के समक्ष एकत्र होकर रोष व्यक्त किया। कौंसिल के ईओ मनजिंदर सिंह को मांगपत्र सौंपने के मकसद से एकत्र हुए कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सीटू के प्रधान विनोद भट्टी, बीएसपी के प्रधान रामस्वरूप, सुखचैन बोहत के अलावा यूनियन के प्रधान सुनील कुमार, गौरव, मुकेश कुमार ने कहा कि नंगल नगर कौंसिल में पिछले 20 सालों से ठेकेदारी सिस्टम के तहत कर्मचारी सफाई का काम करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 208 कर्मचारियों को अभी तक पक्का करना तो दूर, हर माह काटे जाने वाले ईपीएफ व ईएसआइ के स्टेटमेंट तक नहीं दिए गए हैं जो सरासर अन्याय है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की यह मांग है कि उन्हें जल्द पक्का किया जाना चाहिए न कि कांट्रेक्ट सिस्टम चलाया जाना चाहिए। आरोप लगाया गया है कि सफाई सेवकों को पक्का न करके उनका शोषण किया जा रहा है। यदि पक्की नौकरी नहीं दी जा सकती, तो सफाई का काम मस्ट्रोल पर डीसी रेट करवाया जाना चाहिए। यूनियन ने यह चेतावनी दी है कि यदि सभी जायज मागों को पूरा नहीं किया गया, तो सफाई कर्मचारियों व सफाई मजदूर यूनियन को संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।
इसके बाद कर्मचारियों के शिष्टमंडल कौंसिल मुख्यालय में ईओ मनजिंदर सिंह से मिला। विस्तार से बताया गया कि मेहनत से काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जाना चाहिए। यह भी आग्रह किया गया कि इस बार शहर के 6 जोन का ठेका नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि डीसी रेट पर सफाई कर्मचारियों को वेतन मिलना चाहिए। ईओ ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों को न्याय मिलेगा। सभी काम पारदर्शिता व नियमों के अनुसार हो रहे हैं।