रोजगार मेले की भेंट किसानों को सही नहीं
थेड़ी ने कहा कि किसानों के धान की बोली शुरू भी नहीं हो सकी है। फसल को मंडी में ले जाने से रोका जा रहा है।
संवाद सूत्र, चमकौर साहिब: भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर) पंजाब के राज्य प्रेस सचिव मेहर सिंह थेड़ी की अगुवाई में टीम ने अनाज मंडी का दौरा कर खरीद प्रबंधों का जायजा लिया। थेड़ी ने कहा कि यहां अभी तक किसानों के धान की बोली शुरू भी नहीं हो सकी है। किसानों को फसल को मंडी में ले जाने से रोका जा रहा है। मंडी में पिछले करीब एक सप्ताह से टेंट लगाकर रोजगार देने के नाम पर नौजवानों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी में आज पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह नौजवानों को नियुक्ति पत्र देने आ रहे हैं, पर मंडी में खरीद सीजन दौरान मंडी में कोई समागम नहीं कराया जा सकता है। इस संबंधी मार्केट कमेटी के सचिव से बात की, तो वह भी इस बारे में लिखित हुक्म न दिखा सके। यूनियन नेताओं ने मांग की कि खरीद सीजन दौरान कोई भी ऐसा समागम नहीं करवाया जाए, जिससे किसान परेशान हों। इस मौके मेहर सिंह थेड़ी, जिला सरपरस्त प्रगट सिंह रोलूमाजरा, कलारां ब्लॉक प्रधान मोरिडा बहादुर सिंह, दीदार सिंह डेहर, ब्लॉक प्रधान चमकौर साहिब जसवीर सिंह भोजेमाजरा,शेर सिंह डेहर, गुरमीत सिंह भोजेमाजरा, बलजीत सिंह भूरड़े, सज्जन सिंह कलारां आदि भी उपस्थित थे।