चमकौर साहिब पहुंचा अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन शनिवार को चमकौर साहिब पहुंचा।
जेएनएन, चमकौर साहिब। प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन शनिवार को चमकौर साहिब पहुंचा। इस दौरान श्री गुरुग्रंथ साहिब और गुरु साहिब की निशानियों के दर्शन के लिए संगत उमड़ पड़ी।संगत ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। श्री ननकाना साहिब से एक अगस्त से चला नगर कीर्तन वीरवार देर रात्रि जिलेे में प्रवेश कर गया था। सबसे पहले नगर कीर्तन नंगल पहुंचा। अजौली मोड़ स्थित सैलाब के रूप में प्रकाशमान के दर्शन करने के लिए हजारों की तादात में संगत लंबी कतारों में खड़ी रही। इसके बाद नगर कीर्तन आनंदपुर साहिब की ओर प्रस्थान कर गया।
नगर कीर्तन के यहां पहुंचने पर तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह, हेडग्रंथी भाई फूला सिंह, एसजीपीसी सदस्य प्रिंसिपल सुरिंदर सिंह व अमरजीत सिंह चावला, मैनेजर जसबीर सिंह सहित हजारों की संख्या में क्षेत्र की संगत ने शानदार स्वागत किया। करीब चार घंटे तक नगर कीर्तन को आनंदपुर साहिब में विश्राम दिया गया।
इस मौके तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूप को सुंदर पालकी में सुशोभित किया। इससे पहले सुबह नगर कीर्तन शहर के बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, पावर कॉलोनी, पांच प्यारा पार्क आदि स्थानों से होते हुए किला आनंदगढ़ साहिब रोड से तख्त श्री केसगढ़ साहिब में पहुंचा। नगर कीर्तन के आगे जहां स्कूलों की बैंड पार्टियां चल रही थीं, वहीं हजारों की संख्या में संगत ने बारिश के बावजूद नगर कीर्तन में शामूलियत की।
इसके बाद विशाल नगर कीर्तन अपने अगले पड़ाव नूरपुरबेदी की लिए रवाना हो गया, जहां पर संगत ने स्वागत किया। सुबह तख्त श्री केसगढ़ से चलने के उपरांत यह नगर कीर्तन झज्ज चौक से होते हुए नूरपुरबेदी पहुंचा। नगर कीर्तन के दौरान झज्ज चौक से नूरपुरबेदी और रूपनगर तक प्रत्येक गांव में स्वागती गेट और केसरी झंडियां लगाई गई थीं।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी वाली बस जैसे ही नूरपुरबेदी पहुंची, तो संगत ने पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया। नगाड़े वाले दो सिंहों ने नगाड़े बजाकर नगर कीर्तन का स्वागत किया। स्कूलों व अन्य बैंड पार्टियों ने नगर कीर्तन की शान को चार चांद लगा दिए। इस नगर कीर्तन में सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने संगत के रूप में शिरकत की।
पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
आनंदपुर साहिब में जब शुक्रवार सुबह के समय जब नगर कीर्तन रवाना हुआ, तब बारिश हो रही थी, लेकिन बारिश भी संगत की आस्था और श्रद्धा को रोक नहीं सकी। हजारों की संख्या में क्षेत्र की संगत नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए वर्षा में भीगते हुए छतरियां लेकर शामिल हुई। इस दौरान नगर कीर्तन की रवानगी मौके पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सम्मान के तौर पर गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप