पौष्टिक आहार व मेडिटेशन से स्वास्थ्य कर्मी बढ़ा रहे इम्यूनिटी
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए दिनरात ड्यूटी दे रहे स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख रहे हैं।
संवाद सहयोगी, रूपनगर : कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए दिनरात ड्यूटी दे रहे स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख रहे हैं। सेहत विभाग के कर्मियों व डॉक्टरों के अनुसार आपदा की घड़ी में 12 से 14 घंटे ड्यूटी दे रहे हैं और थकान को दूर करने के लिए डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी मेडिटेशन का सहारा ले रहे हैं इसके अलावा रोजाना हल्का व्यायाम व योग रहे हैं और शरीर को स्वस्थ रखने व इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए मल्टी विटामिन भी ले रहे हैं।
छह घंटे लेते हैं नींद : एसएमओ
एसएमओ डॉ. पवन कुमार ने कहा कि वो 24 घंटे में फिलहाल छह घंटे पूरी नींद लेते हैं लेकिन इमरजेंसी पड़ने पर हर वक्त तैयार भी रहते हैं। उन्होंने बताया कि इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए जहां सुबह व शाम सैर करते हैं वहीं मल्टी विटामिन भी लेते हैं जबकि उन्होंने अपनी विलपावर को कायम रखा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने जो गाइडलाइन जारी की हुई है वो खुद भी उसका पालन करते हैं। घर पहुंच सबसे पहले नहाना व कपड़े बदलना होता है जिसके बाद सेनिटाइजेशन प्रक्रिया अपनाते हुए वे परिवार के साथ समय व्यतीत करते हैं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हरजिदर सिंह ने कहा कि अन्य स्टाफ सहित वे सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक ड्यूटी पर रहते हैं। सुबह की शुरूआत सबसे पहले अपने टेबल, कुर्सी व दफ्तर के कमरे को सेनिटाइज करने से होती है। इन दिनों स्वस्थ रहने के लिए दो वक्त दूध जरूर लेते हैं जबकि भोजन में चपाती के साथ ज्यादा हरी सब्जियों का ही सेवन करते हैं। इसके अलावा हर दिन की सैर लाजिमी की गई है। मेडिटेशन व व्यायाम से दूर होती है थकान डॉ. शर्मा
सिविल सर्जन डॉ. एचएन शर्मा ने कहा कि शरीर को कायम रखने के लिए रोजाना सैर करना, पौष्टिक एवं हल्का व ताजा आहार लेना अति जरूरी है। उन्होंने बताया कि ऐसे वक्त में लोगों को जो हिदायते दे रहे हैं वहीं अपने उपर भी लागू करते हैं। उन्होंने कहा कि 12 से 14 घंटे तनाव देने वाली ड्यूटी कर थकान तो होती है लेकिन रोजाना की सैर, हल्का व्यायाम व मेडीटेशन बड़ी राहत देती है।