किसान संगठनों ने घेरा पेट्रोल पंप, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
किसान संगठनों का खेती सुधार कानून रद करवाने के लिए शुरू किया रेल रोको आंदोलन लगातार जारी है।
जागरण संवाददाता, रूपनगर: किसान संगठनों का खेती सुधार कानून रद करवाने के लिए शुरू किया रेल रोको आंदोलन लगातार जारी है। इसके अलावा किसान कारपोरेट घरानों के माल व पेट्रोल पंपों का घेराव कर रहे हैं। वीरवार को मलिकपुर गांव के निकट रूपनगर-नंगल मार्ग पर मल्टीनेशनल कंपनी के पेट्रोल पंप पर किसानों ने डेरा डाले रखा। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन कादियां के जिला प्रधान गुरनाम सिंह जसड़ा ने कहा कि खेती सुधार के नाम पर जो कानून बनाए गए हैं, वो पंजाब की खेती को खतम करने वाले हैं। इससे पंजाब में कारपोरेट घरानों का कब्जा हो जाएगा। लोगों को किसानों के हक में आना चाहिए और इन कारपोरेट घरानों के स्टोर पर खरीदारी और पेट्रोल पंपों पर तेल नहीं डलवाना चाहिए। इस दौरान रूपनगर के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ ने भी किसान भाईचारे के हक में आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि वह भी किसान परिवार से संबंध रखते हैं, इसलिए पार्टीबाजी से ऊपर उठकर अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए किसानों के साथ डटे हैं। इस मौके पर कामरेड मोहन सिंह धमाना समेत गुरदेव सिंह बागी, गुरमेल सिंह बाड़ा, रूपिदर सिंह रुपा, परगट सिंह रोलूमाजरा, सुरजीत सिंह ढेर, दविदर सिंह, कैप्टन गुरबचन सिंह ढिल्लों, ज्ञान सिंह गिल, जत्थेदार भाग सिंह, प्यारा सिंह, जगदीश लाल, भाग सिंह मदान, शेर सिंह कोटली, हरदेव सिंह जेई थली व जसवीर सिंह मलकपुर भी मौजूद थे।