दिव्यांगों में खूब दिखा मतदान का जोश, लोकतंत्र के पर्व में दी आहुति
रूपनगर में दिव्यांग वोटरों के लिए इस बार विशेष प्रबंध चुनाव आयोग द्वारा किए गए थे।
जागरण संवाददाता, रूपनगर
रूपनगर में दिव्यांग वोटरों के लिए इस बार विशेष प्रबंध चुनाव आयोग द्वारा किए गए थे। इक्का दुक्का शहरों को छोड़ दें तो सभी जगह व्हील चेयर का प्रबंधन था। मतदान के लिए पहुंचे दिव्यांगों ने पूरे जोश के साथ मतदान किया। उनको उनके परिजन वाहनों में बिठाकर लाए और उन्हें आगे व्हील चेयर तक ले जाया गया। ऐसा चुनाव आयोग की तरफ से 100 फीसद मतदान के लिए किया गया था लेकिन मतदान का फीसद फिर भी पिछले चुनाव से कम दर्ज किया गया है। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़कियां) में मतदान करने पहुंचे राजन सिक्का के परिजनों ने बताया कि राजन बिलकुल चल फिर नहीं सकते। फिर भी उन्हें मतदान के लिए लाया गया है। क्योंकि राजन खुद भी मतदान करने का इच्छुक था। चमकौर साहिब के गांव संधूआ के सरपंच काका सिंह भी व्हील चेयर पर बैठकर मतदान के लिए मतदान केंद्र पहुंचे। बता दें कि जिले में 91 बूथों की पहचान की गई थी, जहां दिव्यांग वोटर हैं। इन बूथों पर व्हील चेयर का प्रबंध करने के लिए संबंधित पंचायत को कहा गया था। जिले में 2900 के आसपास दिव्यांग वोटर हैं।
अजय