चीमा भी तो माक्कड़ को पाल रहे ने, तभी बैठे हैं प्रधान पद पर
पिछले कई दिनों से कांग्रेस नेताओं व सरकार पर शहर के विकास कार्यों में अड़ंगा लगाने के आरोपों पर कांग्रेस के पार्षदों और नेताओं ने कहा कि कौंसिल प्रधान परमजीत सिंह माक्कड़ लोगों की झूठी सहानुभूति लेने की फिराक में हैं।
जागरण संवाददाता, रूपनगर
पिछले कई दिनों से कांग्रेस नेताओं व सरकार पर शहर के विकास कार्यों में अड़ंगा लगाने के आरोपों पर कांग्रेस के पार्षदों और नेताओं ने कहा कि कौंसिल प्रधान परमजीत सिंह माक्कड़ लोगों की झूठी सहानुभूति लेने की फिराक में हैं। रूपनगर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान पार्षद अशोक वाही, पोमी सोनी व आजाद पार्षद अमरजीत सिंह जौली ने कहा कि अगर शहर के विकास कार्यो में हम अड़चन डाल रहे हैं, तो माक्कड़ इस बारे में कोई ऐसा प्रस्ताव लोगों को दिखाएं, जिसमें कांग्रेस पार्षदों के साइन न हों। उन्होंने कहा कि बीते दिनों भी डॉ. दलजीत सिंह चीमा की अगुआई में शहर में रोष मार्च भी निकाला था। उस दौरान डॉ. चीमा ने विधानसभा स्पीकर राणा पर आरोप लगाया था कि राणा केपी यह बयान दे रहे हैं कि हमने कौंसिल में अकाली नहीं, कांग्रेसी पालने ने। उन्होंने कहा कि हरेक पार्टी यही करती है। इसमें क्या प्रॉब्लम है। वाही ने कहा कि डॉ. चीमा भी तो माक्कड़ को पाल रहे हैं, तभी वह प्रधान पद पर बैठे हैं। राणा केपी के बारे में ऐसा बोलना गलत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व कांग्रेस पार्षद शहर की तरक्की में हमेशा से सहयोग देते आए हैं। अगर किसी विभाग या सरकार ने विकास कार्यो में रोक लगाई है, तो उसके दस्तावेज दिखाएं। वाही ने कहा कि माक्कड़ इन दिनो बेरुखे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान बरिदर सिंह ढिल्लों रूपनगर में बस अड्डा लाने के लिए प्रयास रह रहे हैं। अगर वो सफल होते हैं तो लोगों को फायदा होगा। वह क्यों शहर के विकास कार्य रुकवाएंगे।
चार करोड़ बिजली बिल का बकाया देकर जा रहे हैं प्रधान वाही ने कहा कि माक्कड़ अब तक कौंसिल के ऐसे प्रधान हैं जो शहर को बिजली बिलों के रूप में चार करोड़ रुपये का बकाया सौगात में देकर जा रहे हैं। हम हरेक बैठक में प्रस्तावों के पेंडिग होने के बारे में पूछते हैं, तो माक्कड़ चुप ही रहते हैं। कौंसिल के पास फंड तो हैं, लेकिन बिना वजह शोर मचाने की बजाय उच्चाधिकारियों को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। अगर कोई काम नहीं हो रहा या स्टाफ काम नहीं कर रहा, तो उसकी जिम्मेदारी प्रधान की है।
गंदगी देखकर नहीं लगता कि शहर को स्वच्छता में अवॉर्ड मिले हों: सोनी वहीं कांग्रेस पार्षद पोमी सोनी ने कहा कि शहर में पानी की टंकी बनाए कई साल हो गए हैं, इसे आज तक लोगों के हवाले नहीं किया गया है। शहर में गंदगी के ढेर देखकर नहीं कहा जा सकता कि शहर को स्वच्छता में अवॉर्ड मिले हैं।
गंदे पानी की सप्लाई आज भी जारी: जौली उधर आजाद पार्षद अमरजीत सिंह जौली ने कहा कि उनके वार्ड में पेयजल व्यवस्था का बुरा हाल है। चार लाख गैलन की टंकी बन चुकी है, लेकिन गंदे पानी की सप्लाई आज भी जारी है। कौंसिल प्रधान हर मामले में फेल हुए हैं और अपनी असफलता को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं।
चुनाव निकट देख माक्कड़ कर रहे गलत बयानबाजी:राजेश कुमार वहीं जिला शिकायत निवारण कमेटी के सदस्य राजेश कुमार ने कहा कि नगर कौंसिल चुनाव निकट आने पर माक्कड़ गलत बयानबाजी कर रहे हैं। अकाली दल अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए कांग्रेस पर झूठे आरोप लगा रहा है।