अवैध खनन के आरोप में एसएसएफ के जिला प्रधान पर पर्चा दर्ज
सिख स्टूडेंट फेडरेशन के जिला प्रधान हिम्मत के खिलाफ पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में मामला दर्ज किया है।
संवाद सूत्र, चमकौर साहिब
लंबे समय से अवैध खनन में संलिप्त रहे सिख स्टूडेंट फेडरेशन के जिला प्रधान हिम्मत सिंह राजा के खिलाफ पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में मामला दर्ज किया है। थाना चमकौर साहिब के प्रमुख ने कहा कि खनन अधिकारी एसडीओ नवजोत सिंह की शिकायत पर सतलुज दरिया के पास अवैध खनन करने के आरोप में हिम्मत सिंह राजा पुत्र हरदयाल सिंह निवासी गोबिदगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अभी उसकी गिरफ्तारी शेष है। दूसरी तरफ आरटीआइ कार्यकर्ता दिनेश चड्ढा ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ दिखावा है। अवैध खनन और अवैध वसूली करने वाले बड़े मगरमच्छ अब भी रेत निकासी कर रहे हैं। चड्ढा ने कहा कि उन की याचिका पर जनवरी 2019 में एनजीटी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को आदेश दिए थे कि रेत की निकासी तुरंत रोकी जाए। उस समय नुकसान की भरपाई करने की रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को देने हिदायत की दी थी, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब इतने लंबे समय के बाद हिम्मत सिंह राजा पर कार्रवाई करना दिखावा है।