कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू किया पौधारोपण अभियान
पर्यावरण की स्वच्छता में सहयोग देते हुए फर्टिलाइजर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एनसीसी नेवल विंग के कैडेट्स ने पौधारोपण किया।
जागरण संवाददाता, नंगल : पर्यावरण की स्वच्छता में सहयोग देते हुए फर्टिलाइजर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एनसीसी नेवल विंग के कैडेट्स ने पौधारोपण किया। प्रिंसिपल अनीता शर्मा ने पौधा रोपित करके कैडेट्स के प्रयासों को सराहनीय बताया।
इस मौके पर मौजूद एनसीसी अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि यूनिट के कमान अधिकारी सर्वजीत सिंह के दिशा निर्देशों से शुरू किए गए पौधारोपण अभियान के तहत स्कूल प्रागण में एरोकेरिया के पाच पौधे लगाए गए हैं। आगे भी पौधारोपण जारी रखा जाएगा। फलदार, छायादार तथा औषधीय गुणों वाले पौधे लगाने के दौरान आमजनों की भागीदारी को भी सुनिश्चित बनाने के लिए प्रयास जारी रखे जाएंगे। कैडेट्स को प्रेरित किया गया कि सभी पर्यावरण संरक्षण तथा वातावरण की स्वच्छता के लिए गंभीर रहें, तभी हम आने वाले दिनों में मानवता के अनुकूल वातावरण को बनाए रखने में सफल हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि एरोकेरिया का पौधा सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। वर्ष भर हरा रहने वाला यह पौधा वास्तु शास्त्र के अनुसार भी शुभ बताया गया है। यह पौधा फार्मेल्डि और जाईलिन के वायु प्रदूषण को रोकने में कारगर है। बेहद सुंदर दिखने वाला यह पौधा इमारतों के आकर्षण में भी इजाफा करने में उपयुक्त माना जाता है।