विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगा नवांशहर रोड पर थार और टेंपो की भीषण टक्कर; एक की मौत, छह घायल छात्राएं अस्पताल में भर्ती

Published: Wed, 11 Feb 2026 06:24 PM (IST)

पंजाब के बंगा-नवांशहर मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और ...और पढ़ें

एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त कार।

एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त कार।

HighLights

  1. बंगा-नवांशहर रोड पर थार-टेंपो की भीषण टक्कर हुई।

  2. हादसे में एक व्यक्ति की मौत, छह लोग घायल हुए।

  3. थार का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई।

जागरण संवाददाता, नवांशहर। पंजाब की बंगा-नवांशहर मेन रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब नवांशहर की ओर से आ रही एक थार गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में जा रहे टेंपो से जा टकराई। टेंपो में कई यात्री सवार थे, जिनमें कुछ छात्राएं भी शामिल बताई जा रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो चालक को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसमें बैठी सवारियां भी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को सिविल अस्पताल बंगा पहुंचाया।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में बिना बीमा सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहे 41.61 लाख वाहन, नितिन गडकरी ने चेताया

गंभीर घायलों को अन्य अस्पातालों में किया रैफर

डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान और अन्य कानूनी औपचारिकताओं की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थार चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके कारण वह डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच भी करवाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर के रणजी प्लेयर की IPL में दस्तक, पंजाब किंग्स नेट बॉलर ट्रायल का बुलावा

सड़क यातायात रहा प्रभावित

हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करवाया। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें- तेरे पास कम दिन हैं, तुझे गोलियों से भून दिया जाएगा...बॉलीवुड सिंगर मास्टर सलीम के मैनेजर को जान से मारने की धमकी