अंबूजा फैक्ट्री मजदूर आज रहेंगे हड़ताल पर
अंबूजा सीमेंट फैक्टरी के मजदूरों की ओर से पूरे भारत में स्थित समूह 15 फैक्ट्रियों में तीन जुलाई को एक दिवसीय देश व्यापी हड़ताल की जा रही है।
संवाद सूत्र, घनौली : अंबूजा सीमेंट फैक्टरी के मजदूरों की ओर से पूरे भारत में स्थित समूह 15 फैक्ट्रियों में तीन जुलाई को एक दिवसीय देश व्यापी हड़ताल की जा रही है। अंबूजा सीमेंट वर्कर यूनियन दबुर्जी के उप महासचिव दुरदेश कुमार ने बताया कि कोविड-19 महामारी की आड़ में अंबूजा फैक्ट्री द्वारा काम करते कर्मचारियों की वेतन में कटौती की गई है। इसके अलावा ठेकेदारी प्रथा के अधीन काम करते कर्मियों की नौकरी संबंधी नियमों और शर्तों में बदलाव किया जा रहा है।
अंबूजा कंपनी द्वारा सभी फैक्ट्रियों में 60 से 70 फीसद कर्मियों को ही काम पर बुलाया जा रहा है और बाकी रहते कर्मियों को वेतन न मिलने के कारण उनको अपने घर चलाने मुश्किल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को अंबूजा सीमेंट वर्कर यूनियन, एटक, एंटक और सीटू द्वारा तीन जुलाई को समूह देश में स्थित अंबूजा कंपनी की 15 फैक्ट्रियों में एक दिवसीय हड़ताल करके फैक्ट्रियों के मुख्य गेटों समक्ष रोष प्रदर्शन किए जाएंगे।