आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र घरवालों से नाराज होकर कमालपुर टोल प्लाजा पहुंचा
डेराबस्सी के किसी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला 12 साल का छात्र अर्जुन सिंह घरवालों से किसी बात से खफा होकर स्कूल से घर लौटने के बजाय शनिवार रात गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब रहा।
संवाद सूत्र, चमकौर साहिब: डेराबस्सी के किसी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला 12 साल का छात्र अर्जुन सिंह घरवालों से किसी बात से खफा होकर स्कूल से घर लौटने के बजाय शनिवार रात गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब रहा। इसके बाद रविवार सुबह साढ़े छह बजे साइकिल पर रूपनगर -नीलो मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा कमालपुर पर जारी किसानों के धरने में पहुंच गया। वहां पर किसान गुरमीत सिंह प्रोजपुर, बाबा दर्शन सिंह बड़ियां झल्लियां, बलदेव सिंह खेड़ी सलाबतपुर और कुलवंत सिंह झल्लियां ने उसे खाना खिलाने के बाद जब उसका पता जानना चाहा, तो वह टालमटोल करने लगा। जब उसका बैग खोला, तो तो पता चला कि वह डेराबस्सी में एक स्कूल में पढ़ने वाला छठी कक्षा का विद्यार्थी अर्जुन सिंह पुत्र मुखत्यार सिंह है। इसके बाद भी उसने अपने घर का फोन नंबर या सही एड्रेस नहीं बताया। इसके बाद किसान गुरमीत सिंह ने अपने एक दोस्त सीआइए इंचार्ज जालंधर से संपर्क किया तो उन्होंने डेराबसी के थाना इंचार्ज के साथ संपर्क कर सारी बात बताई। कुछ समय बाद एसएचओ डेराबसी सतिदर सिंह ने गुरमीत सिंह से मोबाइल पर संपर्क किया और बच्चे को संभालकर रखने की बात कही। इसके बाद पुलिस पार्टी समेत एसएचओ सतिदर सिंह उक्त बच्चे के पिता को लेकर टोल प्लाजा कमालपुर पहुंचे, जहां बच्चे को उसके पिता मुखत्यार सिंह के हवाले कर दिया गया। मौके पर मुखत्यार सिंह ने कहा कि उनका बेटा किसी बात से खफा होकर घर से चला गया था। इस बारे में डेराबस्सी पुलिस थाने में रपट भी लिखाई थी।