12 सालों में ट्री गार्ड के साथ लगाए 150 पौधे
12 सालों से पौधारोपण करते आ रहे मानव जीव एवं सेवा दल अब तक 150 से अधिक पौधे लगा चुका है।
सुभाष शर्मा, नंगल: पर्यावरण संरक्षण के लिए विगत 12 सालों से पौधारोपण करते आ रहे मानव जीव एवं सेवा दल अब तक 150 से अधिक पौधे ट्री गार्ड के साथ लगा चुका है। दल के प्रतिनिधियों महेंद्र राणा, राम मनोहर, सुंदर सिंह, लक्ष्मण, राम कमल व अशोक राणा ने वर्षो पहले यह संकल्प लिया था कि जो पौधा लगाया जाएगा, उसे सफल जरूर बनाया जाएगा। इस लिए अब तक जितने पौधे भी लगाए हैं, सभी विशेष किस्म के छह फीट ऊंचे ट्री गार्ड के साथ ही रोपित किए गए हैं। इस दिशा में यह प्रयास अब भी जारी हैं। दल के संयोजक महेंद्र राणा ने कहा कि शहर के उन जगहों पर त्रिवेणी पौधे यानि पीपल, नीम, बोहड़ के अलावा रुद्राक्ष तथा हरड़ के पौधों को रोपित किया गया है, जहा इन पौधों की छाया का लोग प्रयोग कर सकें वहीं पर्यावरण बचाने में भी सहयोग मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए औषधीय गुणों वाले पौधे मुफ्त में बांटने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। आमजन को जोड़ा पौधारोपण अभियान से मानव जीव एवं सेवा दल ने अपने प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए शहर के विभिन्न वर्ग के लोगों को भी प्रेरित करते हुए पौधारोपण अभियान के साथ जोड़ा है। एक नहीं कई लोग अपने घर में अपने बच्चों व परिजनों के जन्मदिन पर ट्री गार्ड भेंट कर चुके हैं जिनका प्रयोग रोपित किए जा रहे त्रिवेणी पौधे पीपल, नीम व बोहड़ की सुरक्षा के लिए किया गया है। दल के अनुसार बीबीएमबी के अधिकारी लोकेश शर्मा ने तो इस अभियान से जुड़ते हुए 10 हजार की कीमत वाले पाच ट्री गार्ड दल को उपलब्ध करवाए थे। इनके अलावा करीब 40 लोगों ने भी पौधों के लिए ट्री गार्ड भेंट किए हैं।