धान गिराने को लेकर दो आढ़तियों में तकरार, एक ने रिवाल्वर निकाला
शुक्रवार को समाना की अनाज मंडी में दो आढ़तियों के बीच तनातनी होने पर माहौल के गर्माने से धान की फसल की बोली नहीं हुई।
जेएनएन, पटियाला : शुक्रवार को समाना की अनाज मंडी में दो आढ़तियों के बीच तनातनी होने पर माहौल के गर्माने से धान की फसल की बोली नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को अनाज मंडी में दो आढ़तियों के बीच धान की फसल को गिराने को लेकर आपसी तकरार हुई। इस दौरान एक आढ़ती ने दूसरे आढ़ती पर रिवाल्वर तान दी। आढ़ती मंगत सिगला ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले आढ़ती ने उन्होंने पर आरोप लगाया कि वह धान की फसल को रास्ते में गिराते हैं। जिससे उन्हे काफी मुश्किल होती है। जिसके बाद उसने अपने पड़ोसी से कहा कि अगर उन्हें कोई परेशानी आ रही है तो वह लोग अपनी फसल उनके फड़ पर गिरा सकते है। इसी दौरान उसके पड़ोसी आढ़ती ने उस पर रिवाल्वर तान दी। लेकिन पास में ही खड़े लोगों ने बीच बचाव कर दिया। इस घटना को लेकर मंडी में तनाव का माहौल पैदा हो गया। जिसके बाद आढ़ती एसोसिएशन प्रधान की तरफ से अनाज मंडी में बोली करने को रूकवा दिया। मंगत सिगला की तरफ से इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।