कार्ड बांटने गई महिला पहुंच गई प्रेमी के पास, फिर जो हुआ उससे खिसक गई पैरों तले जमीन
बेटी का शादी का कार्ड बांटने गई महिला प्रेमी के पास पहुंच गई। इसके बाद प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी।
जेएनएन, श्री माछीवाड़ा साहिब। बेटी का शादी का कार्ड बांटने गई महिला प्रेमी के पास पहुंच गई। उसके बाद जो हुआ उससे परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। दरअसल, दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर प्रेमी ने प्रेमिका को मार डाला। सुबह प्रेमिका का खून से लथपथ शव माछीवाड़ा थाना के अधीन पड़ते गांव शताबगढ़ में एक खेत में बनी मोटर के कमरे में मिला।
गांव शताबगढ़ का किसान अजमेर सिंह रविवार सुबह खेतों में फसल देखने के लिए गया। उसने जब मोटर के साथ बना कमरा खोला तो वहां महिला की लाश देखी। अजमेर की मोटर के कमरे को ताला नहीं लगा था। सूचना मिलते ही डीएसपी हरसिमरत सिंह छेतरा, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे। महिला गांव हिम्मतगढ़ छन्ना थाना अमलोह की रहने वाली थी।
पुलिस के मुताबिक महिला गांव के युवक अमनदीप सिंह के साथ रंगरलियां मनाने के लिए मोटर पर आई थी। दोनों ने रात को शराब भी पी। इस दौरान किसी बात को लेकर उनमें झगड़ा हो गया और अमनदीप ने कमरे में पड़ा एक लकड़ी का बाला प्रेमिका के सिर पर मार दिया। इससे वह लहुलूहान हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। घायल व खून से लथपथ प्रेमिका की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। फिलहाल माछीवाड़ा पुलिस ने मृतका के पति के बयानों पर अमनदीप के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शक के आधार पर गांव के 3-4 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।
महिला पहले रिश्तेदार बताती रही अमनदीप को, बाद में बताया प्रेमी
मृतका के पति ने बयान दर्ज करवाए हैं कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। यह उसकी दूसरी पत्नी है। उसकी पत्नी के अवैध संबंध अमनदीप सिंह निवासी शताबगढ़ से बन गए। वह उसकी गैरहाजिरी में उसके घर उससे मिलने आता रहा। पत्नी पहले उसे अपना रिश्तेदार बताती रही। बाद में उसने बताया कि उसके अमनदीप से अवैध संबंध हैं। पति के मुताबिक उसने पत्नी को बहुत समझाया था, लेकिन वह नहीं मानी।
शादीशुदा है आरोपित अमनदीप, अपनी पत्नी को छोड़ चुका
मृतक महिला के पति के मुताबिक आरोपित अमनदीप शादीशुदा है। उसने अपनी पत्नी को भी छोड़ दिया और उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध बना लिए। वह उसके साथ विवाह करना चाहता था जबकि मेरी पत्नी उसके साथ विवाह नहीं करना चाहती थी। इसी कारण ही उसने उसकी हत्या कर दी।
घर में बेटी की शादी की बजनी थी 14 को शहनाइयां
महिला की छोटी बेटी का विवाह 14 अक्टूबर को है। विवाह की घर में तैयारियां चल रही थीं। वह 29 सितंबर को अपने गांव हिम्मतगढ़ छन्ना से रिश्तेदार के साथ फगवाड़ा में बेटी के विवाह के कार्ड बांटने के लिए गई। उसकी रिश्तेदार तो वापस गांव लौट आई पर वह अपने प्रेमी से मिलने रात को माछीवाड़ा में आ गई। प्रेमी अमनदीप उसे रात को शताबगढ़ में खेतों में बने कमरे में ले गया जहां उसका कत्ल कर दिया।
शादी वाले घर में छा गया मातम का माहौल
महिला के कत्ल के बाद उसका परिवार बेहद गमगीन है क्योंकि घर में 14 अक्टूबर को उसकी बेटी की शादी थी और खुशियां वाला माहौल था। जब परिवार को पता लगा कि महिला को उसके प्रेमी ने मार दिया तो घर में खुशियों की जगह मातम छा गया। मृतका के पति ने एक बार तो पुलिस को यह तक कह दिया कि वह अपनी चरित्रहीन पत्नी का मुंह तक नहीं देखना चाहता।