विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऑपरेशन के बाद पेट में ही छोड़ दिए सर्जिकल सामान, दर्द से तड़प महिला की मौत; श्मशान घाट में राख में मिले औजार

Published: Thu, 10 Sep 2026 05:51 AM (IST)

नाभा में एक महिला की बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद पेट में सर्जिकल सामान मिलने से मौत हो गई। परिजनों ...और पढ़ें

श्मशान घाट में मौजूद परिजन, राख में मिले औजार। फोटो जागरण

श्मशान घाट में मौजूद परिजन, राख में मिले औजार। फोटो जागरण

HighLights

  1. ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में मिला सर्जिकल सामान।

  2. सर्जिकल लापरवाही से बलजीत कौर की मौत का आरोप।

  3. डॉक्टर के खिलाफ पुलिस में शिकायत, जांच जारी।

संवाद सूत्र, नाभा (पटियाला)। महिला के चंद रोज पहले हुए हुए बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद पेट में सर्जिकल सामान मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार गांव मैहस के रहने वाले सोभा सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने बीती 27 अगस्त को नाभा के सर्कुलर रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में अपनी पत्नी बलजीत कौर का बच्चेदानी का आपरेशन करवाया था।

आपरेशन के बाद उनकी पत्नी के पेट में लगातार दर्द होता रहा और खांसी ठीक नहीं हुई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। जब वह लोग श्मशान घाट से अस्थियां लेने गए तो वहां राख में स्टील की चार पत्तियां जैसी दिखने वाली चीजें मिलीं।

अस्थियों में मिली सर्जिकल सामान

उसके बाद जब उन्होंने अपने जान-पहचान वाले किसी दूसरे डाक्टर से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि ये आपरेशन के औजार हैं जिनका इस्तेमाल डाक्टर आपरेशन में किया करते है। मृतका के पति, गांव के सरपंच और गांववालों ने आपरेशन करने वाले डाक्टर पर आरोप लगाया कि आपरेशन के दौरान उन्होंने स्टील जैसी चार पत्तियों को शरीर में लापरवाही से छोड़ दिया, जिसके कारण बलजीत कौर की मौत हो गई।

पीड़ित परिवार ने थाना सदर पुलिस को भी इसकी शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस समय मौके पर पहुंचे थाना सदर से एएसआई राजिंदर सिंह ने कहा कि जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।

इस संदर्भ में जब आरोपित डाक्टर का पक्ष जानना चाहा तो पत्रकारों को बाद में बात करने की बात कह कर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। इस संदर्भ में थाना सदर के एसएचओ जसप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।