दहेज न देने पर शादी से मुकरने वाले परिवार की गिरफ्तारी के लिए लगाया धरना
पटियाला गांव दंदराला खरौड़ की युवती से दहेज न देने पर शादी से मुकरने के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने बस स्टैंड भादसों के सामने नाभा-गोबिदगढ़ रोड जाम कर प्रदर्शन किया।
जेएनएन, भादसों (पटियाला) : गांव दंदराला खरौड़ की युवती से दहेज न देने पर शादी से मुकरने के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने बस स्टैंड भादसों के सामने नाभा-गोबिदगढ़ रोड जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान गांववासियों सहित आसपास के लोगों ने भी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर प्रशासन के खिलाफ धरना लगाकर रोष व्यक्त किया। धरनाकारियों को शांत करवाने के लिए इंस्पेक्टर जयइंदर सिंह रंधावा ने आरोपितों को 24 घंटे में गिरफ्तार करने का भरोसा देकर प्रदर्शन समाप्त करवाया। प्रदर्शन करने वालों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पुलिस ने 24 घंटे में आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया तो 26 जनवरी को दोबारा धरना लगाएंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी।
धरना लगाकर बैठे लोगों को भारतीय जनता पार्टी के मंडल नेता हरमेश सिंह चहल, जत्थेदार रणधीर सिंह ढींडसा, लखवीर सिंह पूर्व चेयरमैन, बाबा बघेल सिंह ने कहा कि दहेज के लालचियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि समाज को दीमक जैसे खा रही इस दहेज प्रथा को खत्म करने के लिए हम सबको इकट्ठा होकर प्रयास करने चाहिए। लड़की के दादा बघेल सिंह, पिता अवतार सिंह, प्रितपाल सिंह, धर्म सिंह, जगमेल सिंह ने बताया कि उनकी बेटी का शगुन कुछ समय पहले दुलद्दी गांव निवासी नरिदर सिंह के साथ हुआ था। शादी 23 जनवरी केा तय की गई। नरिदर सिंह ने विवाह से एक दिन पहले अपने ससुराल परिवार से कुछ पैसों की मांग की। मांग पूरी ना होने पर नरिदर सिंह ने शादी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 23 जनवरी को नरिदर सिंह, निर्भय सिंह, भगवान सिंह, गुरमेल कौर, इंदरप्रीत कौर, करतार कौर सहित बिचौले जसपाल कौर पति दलबारा सिंह गांव रायमल माजरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था, लेकिन अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी के रोष स्वरूप धरना लगाकर प्रदर्शन किया गया।