विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गैंगस्टर संग हथियारों की तस्करी करने वाला SSB जवान साथी के साथ गिरफ्तार, 7 पिस्टल व 25 कारतूस बरामद; नेपाल तक जुड़ा तार

Published: Tue, 08 Sep 2026 05:45 AM (IST)

पुलिस ने पटियाला में अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक एसएसबी जवान शामिल है।

अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का राजफाश। फोटो जागरण

अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का राजफाश। फोटो जागरण

HighLights

  1. पटियाला में अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़।

  2. एसएसबी जवान सहित दो आरोपित गिरफ्तार, सात पिस्टल बरामद।

  3. मध्य प्रदेश से लाए गए हथियार पंजाब में होने थे सप्लाई।

जागरण संवाददाता, पटियाला। पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का राजफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से सात पिस्टल और 25 कारतूस बरामद किए गए हैं। ये हथियार मध्य प्रदेश से लाए गए थे और इन्हें पंजाब में सप्लाई करने की तैयारी थी।

पकड़े दो लोगों में एक आरोपित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का जवान है जो केंद्रीय जेल पटियाला में बंद बरनाला निवासी गैंग्सटर सत्ती के संपर्क में आने के बाद अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क में शामिल हो गया।

एसएसपी हरमनदीप हंस ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनदीप सिंह उर्फ फौजी निवासी गांव तलवंडी खड़ियाल, भदौड़, बरनाला और गुरदीप सिंह निवासी गांव जंगियाणा भदौड़, बरनाला के रूप में हुई है।

33 वर्षीय मनदीप सीमा शस्त्र बल 50वीं बटालियन बलरामपुर उत्तर प्रदेश में नौकरी करता है, जबकि 31 वर्षीय गुरदीप सिंह मजदूरी करता है। बरामद हथियारों में एक प्वाइंट 30 बोर की और छह प्वाइंट 32 बोर की पिस्टलें हैं।

एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि एसपी (डी) दविंदर अत्री, डीएसपी (डी) गुरवीर सिंह की अध्यक्षता में सीआइए स्टाफ इंचार्ज सिमरजीत सिंह शेरगिल व उनकी टीम ने पसियाणा थाना इलाके में नाका लगाया हुआ था। वहां पर दोनों आरोपितों को काबू किया गया। आरोपितों के खिलाफ थाना पसियाणा में केस दर्ज किया गया है।

नेपाल के बाद पंजाब में हथियार सप्लाई नेटवर्क का शक

एसएसपी ने बताया कि हथियारों की सप्लाई के लिए मध्य प्रदेश से पिस्टल मंगवाकर पंजाब में आगे पहुंचाई जाती थीं। उन्होंने आगे बताया कि आरोपित जवान की ड्यूटी पिछले तीन साल से नेपाल बार्डर इलाके में लगी हुई है। ऐसे में आशंका है कि आरोपित ने यह विदेशी हथियार नेपाल के लिए भारत में पहुंचने के बाद पंजाब में सप्लाई करने शुरू किए हैं।

जवान के खिलाफ तीन और दूसरे आरोपितों के खिलाफ भी पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस रिकार्ड के अनुसार मनदीप सिंह उर्फ फौजी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो वर्ष 2023 और एक मामला वर्ष 2025 का है। वर्ष 2023 में थाना सदर मोरिंडा जिला रोपड़ में मारपीट का मामला दर्ज किया गया।

दूसरा मामला साल 2025 में इसी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ था। साल 2023 में दहेज मांगने के मामले में एक अन्य मामला भी किसी पुलिस थाना में दर्ज होने का रिकार्ड मिला।

दूसरे गिरफ्तार आरोपित गुरदीप सिंह का भी आपराधिक रिकार्ड सामने आया है। गुरदीप के खिलाफ थाना सिटी रामपुरा फूल जिला बठिंडा में साल 2021 में स्नैचिंग का मामला दर्ज किया गया था।‌