पैसों के लेनदेन से परेशान होकर नहर में कूदा समाजसेवी, बचाया
पैसों के लेनदेन से परेशान होकर प्रमुख समाजसेवी गुरमुख सिंह ने नहर में कूद खुदकुशी की कोशिश की।
जागरण संवाददाता, पटियाला : पैसों के लेनदेन से परेशान होकर प्रमुख समाजसेवी गुरमुख सिंह ने जहरीली वस्तु निगल नहर में कूद खुदकुशी की कोशिश की। घटना सोमवार बाद दोपहर की है। गुरमुख सिंह के दोस्तों ने उसे बचाकर राजिदरा अस्पताल में दाखिल करवाया है। घटना के बारे में संबंधित पुलिस थाने को भी सूचित कर दिया है, जो देर शाम तक गुरमुख के बयान दर्ज करने की कार्यवाही में जुटी रही। मौके से गुरमुख के हाथ का लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस को हवाले किया गया। गुरमुख सिंह के अनुसार उसे दो महिलाओं ने परेशान किया हुआ है। एक महिला से उसने करीब छह लाख रुपये लेने हैं जबकि दूसरी महिला को उसने पैसा लौटाना है। गड्डा खाना निवासी महिला उसके पैसे नहीं लौटा रही। इस संबंध में कोर्ट में केस भी चल रहा है। दूसरी तरफ एक अन्य महिला को ब्याज भरते-भरते वह आर्थिक रूप से कंगाल हो चुका है। दोनों महिलाओं से मानसिक रूप से इतना परेशान हो गया कि उसे जान देनी पड़ी है। जहरीली वस्तु पीने के बाद नहर में कूदे गुरमुख सिंह को दोस्तों ने बचा लिया है लेकिन अभी उसे होश नहीं आया है। लावारिस पशुओं के लिए लंबे समय से काम कर रहे गुरमुख सिंह
गुरमुख सिंह शहर के समाजसेवी लोगों में शामिल हैं। खूनदान, लावारिस पशुओं की मदद करने के लिए वह लंबे समय से काम कर रहे हैं। यही नहीं देवीगढ़ रोड पर जख्मी व लावारिस पशुओं की मदद के लिए शेल्टर भी बनाया हुआ है। समाजसेवा से जुड़े गुरमुख सिंह अब खुद ही सहारे के लिए मोहताज हो गए हैं, जिस वजह से उन्हें खुदकुशी जैसा कदम उठाना पड़ा।