शहीद बाबा दीप सिंह नगर में कट रही अवैध कालोनी, निगम को पता नहीं
सीएम सिटी में नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, पटियाला :
सीएम सिटी में नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। निगम के पार्षद शिकायत करते हैं कि उनके वार्ड में अवैध कालोनी काटी जा रही है, लेकिन उस पर निगम कोई कार्रवाई नहीं करती। मामला यहां वार्ड 29 में शहीद बाबा दीप सिंह नगर में कालोनी काटे जाने का है। वार्ड की पार्षद सुनीता गुप्ता ने यह कालोनी अवैध होने की शिकायत हालांकि निगम को दी, लेकिन काम रुकवाने के बाद आगे की कार्रवाई शून्य ही रही है।
यहां वार्ड 29 में शहीद बाबा दीप सिंह नगर में कालोनी काट दी गई, जबकि राज्य सरकार ने नई कालोनियां काटने पर पाबंदी लगा रखी है। पार्षद ने इलाके से संबंधित इंस्पेक्टर को इस मामले सूचना दी तो इंस्पेक्टर ने काम तो रूकवा दिया पर आगे कालोनाइजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इसी के चलते कालोनाइजर ने कुछ लोगों को कालोनी अप्रूव बता प्लाट तक सेल कर दिए हैं। कोट्स
निगम की इंस्पेक्टर मनप्रीत कौर को कट रही कालोनी संबंधी जानकारी दी थी। इंस्पेक्टर ने सिर्फ काम रुकवाया है। आगे इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि निगम को तुरंत इस कालोनाइजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी। कालोनाइजर लोगों को गुमराह कर प्लाट बेच देते हैं। बाद में प्लाट होल्डर को सभी सुविधाएं नहीं मिलती। यहां पब्लिक की लूट हो रही है। बावजूद इसके निगम कुंभकर्णी नींद में है।
-- सुनीता गुप्ता, कौंसलर, वार्ड 29 हमारे पास अवैध कालोनी कटने के मामले की शिकायत आ चुकी है। इस मामले पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर मनप्रीत कौर की लगाई गई है। जिस व्यक्ति ने यह कालोनी काटी है, उसके बारे में जानकारी नहीं मिल रही। मामले पर ध्यान रखा जा रहा है और संबंधित व्यक्ति की पहचान की जा रही है, ताकि कार्रवाई की जा सके।
-- मनोज कुमार, असिस्टेंट टाउन प्लानर, नगर निगम शहर के विभिन्न इलाकों में कट रही अवैध कालोनियां
निगम सूत्रों का कहना है कि कालोनाइजर पुरानी तारीखों में स्टांप पेपर की खरीद कर कालोनियों को अप्रूव करवा रहे हैं। यहां मैण रोड व सुलर में कालोनाइजर अवैध कालोनी काट रहे हैं। बावजूद इसके निगम व पुडा ने अब तक एक भी मामले पर कार्रवाई नहीं की।