एसडीएम ने आर्यस कैंपस में किया पौधारोपण
राजपुरा (पटियाला) एसडीएम खुशदिल सिंह संधु ने मंगलवार को पर्यावरण की रक्षा के लिए बतौर मुख्य मेहमान आर्यस ग्रुप ऑफ कॉलेजिस में पौधारोपण किया।
संस, राजपुरा (पटियाला) : एसडीएम खुशदिल सिंह संधु ने मंगलवार को पर्यावरण की रक्षा के लिए बतौर मुख्य मेहमान आर्यस ग्रुप ऑफ कॉलेजिस में पौधारोपण किया। पौधारोपण में कॉलेज कैंपस की अधिशेष भूमि पर 200 से अधिक पौधे लगाए गए। जिसमें नीम, हरड़, बेहड़ा, अमरूद, जामुन शामिल हैं डॉ. अंशु कटारिया चेयरमैन आर्यस ग्रुप ने समारोह की अध्यक्षता की।
खुशदिल सिंह ने कहा कि पेड़ हम सब के जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। पेड़ों के बिना हम अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। यह न सिर्फ हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि खाने के लिए भोजन भी उपलब्ध करवाते हैं। पेड़ हमारे पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए हम सभी का यह दायित्व है कि पेड़ों के महत्व को समझें और अधिक से अधिक पेड़- पौधे लगाएं। आर्यस ने अपने 20 एकड़ के कैंपस में पौधारोपण कर अच्छा कार्य किया है। राजपुरा को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाने के लिए प्रशासन कार्यरत है और उन्होंने सभी लोगों से खाली पड़ी जमीनों पर पौधारोपण के लिए अनुरोध किया। इस अवसर पर प्रोफेसर बीएस सिद्धू, डायरेक्टर आर्यन्स ग्रुप, डॉ गरीमा ठाकुर डिप्टी डायरेक्टर, पुनीका महाजन डीन एडमीशंस, मिसिज कुसुम सूद डीन एकेडमिक, मनप्रीत कौर डीन स्कॉलरशिप भी मौजूद थे।