आरोपित सरपंच तारा दत्त बोला-शमशेर के कत्ल के समय पार्टी में था, पुलिस को सौंपी सीसीटीवी फुटेज
थाना अनाज मंडी इलाके में आते भारत नगर में हुए शमशेर सिंह कत्ल केस में नामजद आरोपित कांग्रेस सरपंच तारा दत्त ने पुलिस के पास अपना पक्ष रखा है।
प्रेम वर्मा, पटियाला : थाना अनाज मंडी इलाके में आते भारत नगर में हुए शमशेर सिंह कत्ल केस में नामजद आरोपित कांग्रेस सरपंच तारा दत्त ने पुलिस के पास अपना पक्ष रखा है। विकास नगर के सरपंच ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपते हुए दावा किया कि जिस समय शमशेर सिंह का कत्ल हुआ था, उस समय वह एक जानकार के घर में बर्थडे पार्टी में शामिल था। इस दौरान वह अपनी गाड़ी में मोहल्ले में ही था, जहां चंद मिनट के अंदर ही उसकी कार आती व जाती है। पुलिस को यह वीडियो सौंपने के बाद वह इलाके में अन्य दुकानों के कैमरे खुद ही चेक करके खुद के बेकसूर होने के सबूत जुटा रहा है। तारा दत्त ने कहा कि वह इस मामले में किसी भी तरह से शामिल नहीं है। करीब डेढ़ साल से उसका शमशेर से कोई संपर्क नहीं रहा है और जिन लोगों पर शमशेर का कत्ल का मामला दर्ज है इन लोगों से भी उसका कोई वास्ता नहीं है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है जबकि एक आरोपित विक्की टोपी गिरफ्तार किया जा चुका है। विक्की के बयानों के बाद ही अन्य आरोपितों के नामों की पुष्टि होगी। यह है पूरा मामला
दविदर सिंह निवासी सुखराम कालोनी की शिकायत के अनुसार उसके बड़े भाई शमशेर सिंह का 21 मई को जन्मदिन था, जिसकी पार्टी के लिए सामान लेने वह अपने भतीजे वंश कुमार के साथ घर से निकला था। भारत नगर के पास दो कारों में सवार होकर आए आरोपितों ने हमला किया था। आरोपित कंवरदीप सिंह उर्फ एसके खरौड़ निवासी बारन ने अपनी पिस्टल से हवाई फायर किया जबकि साजन ने अपनी पिस्टल के साथ सीधा फायर कर शमशेर सिंह को गोली मार दी। इसके बाद आरोपित ईंट व पत्थरों से हमला करते हुए मौके से फरार हो गए। अनाज मंडी थाना पुलिस ने दविदर के बयानों पर कंवरदीप सिंह, अब्बू, लाली निवासी संजय कालोनी, चांद मोहम्मद, फूल मोहम्मद, पवन निवासी यादविदरा कालोनी, तारा दत्त कांग्रेसी सरपंच निवासी विकास नगर, जतिदर शेरगिल, प्रमोद बाजवा कालोनी, विक्की टोपी, ट्विंकल सुखराम कालोनी, प्रिस चक्की वाला और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ कत्ल केस दर्ज किया है।
डीएसपी सिटी टू सुपरविजन कर रहे
एसपी सिटी वरूण शर्मा ने कहा कि डीएसपी सिटी टू सौरव जिदल इस मामले में सुपरविजन कर रहे हैं, हर एक आरोपित की भूमिका व उनकी स्टेटमेंट की जिम्मेदारी लगाई गई है। हर केस की तरह इस मामले में भी आरोपितों के खिलाफ एक्शन और बेकसूर लोगों को राहत दी जाएगी।