घलोड़ी गेट के नजदीक इसी माह शुरू होगी रेहड़ी मार्केट
पटियाला वैंडर पॉलिसी के लागू होने का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।
जेएनएन, पटियाला : वैंडर पॉलिसी के लागू होने का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। नगर निगम इसी महीने इस पॉलिसी को लागू करके घलोड़ी गेट के नजदीक शहीद भगत सिंह चौक के साथ तैयार की गई नयी रेहड़ी मार्केट में 600 रेहड़ियों को तबदील करने जा रही है। इस नीति के लागू होने साथ शहर के हरेक रेहड़ी वाले को निगम की तरफ से जगह दी जाएगी, जिससे हरेक रेहड़ी वाला अच्छी जगह पर अपनी रेहड़ी खड़ी करके अपनी आर्थिक हालत में सुधार कर सके।
इस नीति के लागू होने से शहर की ट्रैफिक प्रणाली को चंडीगढ़ जैसा बनाने के लिए बड़ी सहायता मिलेगी और शहर निवासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। कोरोना महामारी के दौरान एंबुलेंस अब शहर के किसी ही प्रमुख चौराहे में नहीं फंसेगी। वैंडर पॉलिसी के लागू होने से रेहड़ी वालों को कोरोना महामारी के दौरान शारीरिक दूरी बनाए रखने में भी सहायक होगी और इससे मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह की तरफ से शुरू करवाए मिशन फतेह को सफल बनाना आसान हो सकेगा।
पंजाब का पहला शहर जहां लागू हुई बैंडर पॉलिसी : मेयर
मेयर संजीव शर्मा ने निगम को वैंडर पॉलिसी लागू करने में पंजाब का पहला निगम बनने पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह, संसद मेंबर परनीत कौर, स्थानीय सरकार मंत्री ब्रह्मा मोहिदरा और बीबी जयइंदर कौर का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि जमीन सहित करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रेहड़ी मार्केट में आने वाले हरेक वैंडर को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब की ओर निगमों के लिए पटियाला की वैंडर पॉलिसी एक मॉडल के तौर पर जानी जाएगी। तकरीबन 257 साल पुराने शाही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को वैंडर नीति लागू करके चंडीगढ़ जैसा बनाया जा सकेगा। मेयर अनुसार विरासती शहर की जरूरतों को नजदीक से समझने वाले सीएम ने वैंडर पॉलिसी पास करके पंजाब के ऐतिहासिक शहर पटियाला को स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ा दिया है।
राघोमाजरा सब्जी मंडी व अन्य बाजारों से भेंजेगे रेहड़ियां
निगम कमिश्नर पूनमदीप कौर का कहना है कि पटियाला नगर निगम ने शहर के लिए वैंडर पॉलिसी के ऐतिहासिक फैसले को लागू करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। सबसे पहले शहर के अलग-अलग बाजारों और राघोमजारा की सब्जी मंडी से लगभग 600 रेहड़ियां सनौरी अड्डा की नयी रेहड़ी मार्केट में भेजा जाएंगी।