गुरबाणी सिखाने के नाम पर चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर छापामारी, 29 लोग छुड़ाए
फतेहगढ़ न्युआं में गुरबाणी सिखाने के नाम पर एक साल से चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र में पुलिस ने छापेमारी की।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब : थाना खेड़ी नौध सिंह के अंतर्गत गांव फतेहगढ़ न्युआं में गुरबाणी सिखाने के नाम पर लगभग एक साल से चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र में तीन दिन पहले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर हरकत में आई पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को साथ लेकर शुक्रवार दोपहर वहां पर छापेमारी की। इस दौरान केंद्र में जबरन रखे गए 29 लोगों को रिहा कराकर सरहिद के सरकारी पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया। ये लोग पंजाब सहित कई अन्य राज्यों से संबंधित हैं। वहीं मौके पर पुलिस ने इस केंद्र के बारे में एक आरोपित परमजीत सिंह निवासी मनीमाजरा (चंडीगढ़) को गिरफ्तार किया। जबकि, केंद्र का मुख्य संचालक जगरूप सिंह निवासी इस्माइलपुर (खन्ना) फरार हो गया। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ न्युआ में गुरबाणी सिखाने के नाम पर बाबा जुझार सिंह एकेडमी खोली हुई थी। जबकि, यह अवैध नशा मुक्ति केंद्र था। यहां पर संचालक हेरोइन, स्मैक, अफीम, भुक्की और शराब समेत अन्य प्रकार के नशे छुड़ाने के नाम पर लोगों को भर्ती करते थे। परिजनों को झांसे में रखा जाता था कि वह गुरबाणी से जोड़कर नशे के आदी लोगों को नशा मुक्त करते हैं। यहां पर चेकअप के लिए भी कोई डाक्टर या अन्य सुविधा नहीं थी। न ही कोई धार्मिक गतिविधि केंद्र में कराई जाती थी।
छापामारी करने वाली टीम में फतेहगढ़ साहिब के सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल, खमाणों के डीएसपी धर्मपाल और खेड़ी नौध सिंह एसएचओ गगनदीप सिंह शामिल रहे। इस बारे में डीएसपी धर्मपाल ने बताया कि पुलिस को इस अवैध नशा मुक्ति केंद्र के बारे में शिकायत मिली थी। इस बारे में एक आरोपित को मौके पर ही काबू कर लिया गया है। मुख्य संचालक फरार है, जिसे जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
--------------
तीन दिन पहले हुई थी युवक की मौत
24 सितंबर को केंद्र में शराब छुड़ाने के लिए लाए गए अमरीक सिंह निवासी खेड़ी शहीद (हरियाणा) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस बारे में सदर थाना खन्ना की पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की थी। जिस पर अमरीक के परिजनों ने सवाल खड़े करते हुए संचालकों पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने अवैध नशा मुक्ति केंद्र होने का पर्दाफाश किया।
-----------------
छापेमारी के बाद एक व्यक्ति भाग निकला
पुलिस ने जब केंद्र में छापेमारी की, तो इस दौरान वहां भर्ती एक व्यक्ति दीवार फांदकर भाग निकला। पुलिस ने खेतों में उसका पीछा भी किया। मगर, वह हाथ नहीं लगा। बताया जाता है कि उसे एक दिन पहले केंद्र के रिकॉर्ड से डिस्चार्ज किया गया था। मगर, उसे घर नहीं भेजा गया। वह पुलिस के डर से भाग निकला।