छुट्टी के बाद जेल न लौटने पर दो कैदियों पर केस दर्ज
कोविड महामारी के दौरान पेरोल (छुट्टी) पर गए कैदी वापस नहीं लौट रहे हैं।
जागरण संवाददाता, पटियाला : कोविड महामारी के दौरान पेरोल (छुट्टी) पर गए कैदी वापस नहीं लौट रहे हैं। हाल ही में दो कैदी छुट्टी के बाद वापस नहीं लौटे तो जेल प्रबंधकों ने विभिन्न पुलिस थानों में दो केस दर्ज करवा दिए। थाना अर्बन एस्टेट में नन्ना निवासी तफजलपुरा के खिलाफ छुट्टी के बाद जेल वापस न लौटने का मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले के अनुसार नशा तस्करी के साल 2013 के मामले में नन्ना सजा काट रहा था। उसे 21 जुलाई 20 को आठ हफ्ते की पेरोल पर भेजा गया था लेकिन सितंबर 2020 को उसने वापस लौटना था। महामारी के कारण छुट्टी बढ़ाते हुए आठ मई 21 की वापसी थी, जिसके बाद भी वह जेल वापस नहीं लौटा। दूसरा मामला सहायक सुपरिंटेंडेंट जेल इंद्रजीत सिंह काहलों ने कैदी हरिदर सिंह निवासी रत्न नगर के खिलाफ दर्ज करवाया है। काहलों के अनुसार कैदी हरिदर सिंह दस साल की सजा काट रहा है, जो अप्रैल 2020 को जेल से आठ हफ्ते की पैरोल पर लगाया था और 26 अप्रैल 21 को उसने वापिस लौटना था। बावजूद इसके वह जेल नहीं पहुंचा तो केस दर्ज करवा दिया।